EPFO का 74वां स्थापना दिवस कल दिल्ली में, व्हाट्सएप सर्विस समेत कई नई पहल होंगी लॉन्च
EPFO कल दिल्ली में अपना 74वां स्थापना दिवस मनाएगा। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया व्हाट्सएप सेवाओं और ऑटोमैटिक सेटलमेंट जैसे नए फीचर्स लॉन्च करेंगे।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) कल रविवार को नई दिल्ली में अपना 74वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस खास मौके पर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे और कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन न केवल संगठन की उपलब्धियों का जश्न है, बल्कि कर्मचारियों की सुविधा के लिए नई डिजिटल सेवाओं की शुरुआत का भी बड़ा दिन है।
इस कार्यक्रम में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय ट्रस्टी बोर्ड के सदस्य, EPFO के कर्मचारी, नियोक्ता और श्रमिक समेत कई महत्वपूर्ण हितधारक हिस्सा लेंगे। आयोजन के दौरान मंत्री मनसुख मांडविया कुछ बेहद जरूरी डिजिटल पहल शुरू करेंगे, जिनमें व्हाट्सएप के जरिए EPFO सेवाएं और 1,000 रुपये तक के बैलेंस वाले निष्क्रिय (Inoperative) EPF खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट शामिल है। इससे करोड़ों कर्मचारियों को अपने फंड के प्रबंधन में काफी आसानी होगी।
पुरस्कार और भविष्य की योजनाएं
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री आयोजन स्थल पर लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही, वे कुछ ऐसी प्रकाशन सामग्री जारी करेंगे जो कानूनी जागरूकता, संस्थागत शिक्षा और संवेदनशील शासन के प्रति EPFO की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस अवसर पर 'भविष्य निधि पुरस्कार 2026' भी दिए जाएंगे, जिनके जरिए क्षेत्रीय कार्यालयों, जोनल कार्यालयों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के योगदान को सराहा जाएगा।
EPFO का यह 74वां स्थापना दिवस इस बात को दोहराने का एक प्रयास है कि संगठन का विकास केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असली मकसद यह सुनिश्चित करना है कि एक मजदूर की सालों की मेहनत उसके और उसके परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान और मानसिक शांति लेकर आए।