शिक्षा मंत्रालय ने स्पेशल कैंपेन 5.0 किया पूरा, मिली बड़ी सफलता

उच्च शिक्षा विभाग ने सरकारी दफ्तरों में स्वच्छता और प्रशासनिक सुधार के लिए चलाए गए 'स्पेशल कैंपेन 5.0' के सफल परिणाम जारी कर दिए हैं। यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया गया था, जिसका संचालन प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (DARPG) द्वारा किया गया था। इस अभियान के दौरान विभाग ने 2,04,859 भौतिक फाइलों यानी कुल का 95.2 प्रतिशत और 62,564 ई-फाइलों यानी 87.46 प्रतिशत की समीक्षा की। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अभियान से जुड़े सभी कार्यों को तय समय में पूरा किया गया।
कार्यालय स्थान और राजस्व में वृद्धि
इस विशेष अभियान के दौरान देश भर में बड़े स्तर पर काम किए गए। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग के नेतृत्व में चले इस अभियान के तहत 1,159 स्थलों को साफ किया गया और 14,44,839 वर्ग फीट कार्यालय स्थान खाली कराया गया। इसके अलावा, कबाड़ के निपटान से ₹6.89 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार फाइलों की समीक्षा के अलावा 3,312 फाइलों को डिजिटल बनाया गया और 90,629 भौतिक या इलेक्ट्रॉनिक फाइलों को बंद या नष्ट किया गया।
लंबित मामलों का निपटान और अगला अभियान
लंबित मामलों को कम करने के प्रयास नवंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच भी जारी रहे, जिसके दौरान विभाग ने 24,126 जन शिकायतों और 4,177 जन शिकायत अपीलों का निपटारा किया। 1 नवंबर 2025 को शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने एक स्कूल का दौरा करके सफाई मित्रों का सम्मान किया। अब उच्च शिक्षा विभाग का ध्यान 'स्पेशल कैंपेन 6.0' की ओर है, जो 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है और 15 सितंबर 2026 से इसकी तैयारी शुरू होगी।