अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी: ED ने खोले तीन 'डोंकी रूट' के राज, दिल्ली का एजेंट गिरफ्तार
ED ने अमेरिका भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। तीन 'डोंकी रूट' का खुलासा हुआ है।

भारतीय नागरिकों को अवैध तरीके से अमेरिका भेजने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भंडाफोड़ किया है। जांच के दौरान एजेंसी ने तीन अलग-अलग 'डोंकी रूट' (Donkey Routes) की पहचान की है, जिनका इस्तेमाल लोगों को गैरकानूनी तौर पर अमेरिका की सीमा पार कराने के लिए किया जा रहा था। इस पूरे खेल का खुलासा तब हुआ जब ED ने दिल्ली के एक टिकटिंग एजेंट तरुण खोसला को गिरफ्तार किया।
तरुण खोसला अपनी फर्म 'M/S BJ International' के जरिए इस काले कारोबार को चला रहा था। उसे 23 अक्टूबर 2026 को मनी लॉन्ड्रिंग प्रिवेंशन एक्ट (PMLA) के तहत पकड़ा गया। यह पूरा मामला 2025 की उस जांच से जुड़ा है, जिसमें मेक्सिको बॉर्डर पार कर अमेरिका में घुसने की कोशिश करने वाले 300 से अधिक भारतीयों को वापस भारत भेजा गया था। गिरफ्तारी के बाद जालंधर की एक विशेष PMLA कोर्ट ने खोसला को ED की हिरासत में भेज दिया है।
करोड़ों की वसूली और खतरनाक रास्ते
जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह मासूम लोगों को कानूनी तरीके से अमेरिका भेजने का झांसा देता था, लेकिन असल में उन्हें बेहद खतरनाक रास्तों से तस्करी कर भेजा जाता था। इस सफर के लिए प्रति व्यक्ति 30 लाख से 60 लाख रुपये तक वसूले जाते थे, जबकि कुछ एजेंट अकेले ही 40 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
ED के मुताबिक, इन लोगों को गयाना, सूरीनाम, इक्वाडोर और अल साल्वाडोर जैसे ट्रांजिट देशों के जरिए भेजा जाता था। वहां स्थानीय 'डोंकर्स' और आपराधिक माफियाओं की मदद ली जाती थी। वित्तीय जांच में पता चला है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच खोसला के खातों में 414 ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 30.38 करोड़ रुपये जमा किए गए थे।
इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में छापेमारी की गई, जहां से बड़ी संख्या में फर्जी इमिग्रेशन स्टैम्प, डिजिटल डिवाइस और दर्जनों असली पासपोर्ट बरामद हुए हैं। इससे पहले दिसंबर 2025 में एजेंसी ने 19.14 करोड़ रुपये की नकदी, सोना और चांदी जब्त की थी, जबकि जुलाई 2025 में 5.41 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी। यह पूरी कार्रवाई पंजाब और हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज की गई FIR के आधार पर की गई है।