पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में बिल्डिंग गिरी, मासूम समेत दो की मौत; मालिक गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में एक पुरानी इमारत गिरने से 2 लोगों की जान चली गई। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

Kittu Kumari18 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में बिल्डिंग गिरी, मासूम समेत दो की मौत; मालिक गिरफ्तार

राजधानी में पुरानी इमारतों की जर्जर हालत एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर इलाके में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक पुरानी इमारत ढहने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक 35 वर्षीय व्यक्ति, जिसका नाम पिंटू है और एक 3 साल का मासूम बच्चा, जिसे प्यार से लट्टू (देवांश) कहा जाता था, अपनी जान गंवा बैठे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक, यह इमारत करीब 50 साल पुरानी थी। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर एक गोदाम और वर्कशॉप था, जबकि ऊपर रिहायशी कमरे थे। सबसे ऊपर की मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें मासूम देवांश की मां खुशबू, विकेश, आकाश, दलीप और अमन शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए हेगड़ेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लापरवाही ने ली जान, फरार हो रहा था मालिक

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जिला मजिस्ट्रेट अजय कुमार ने बताया कि यह इमारत समय के साथ काफी कमजोर हो चुकी थी। आरोप है कि पास से गुजरने वाली ट्रेनों के कंपन की वजह से इमारत में दरारें आ गई थीं, लेकिन मालिक ने इसकी मरम्मत नहीं कराई। इस बीच, शाहदरा के डीसीपी आर.पी. मीणा ने पुष्टि की कि बिल्डिंग के मालिक सुरिंदर सिंह ने हादसे के बाद अपना फोन बंद कर लिया और मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली में इमारतों के गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। आंकड़ों की मानें तो यह एक महीने में चौथा बड़ा हादसा है। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, इस साल जनवरी से अक्टूबर के बीच 396 घर गिरे, जिनमें 36 लोगों की जान गई। सिर्फ सितंबर से अब तक छह बड़े हादसों में 22 मौतें हो चुकी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पानी का रिसाव (सीपेज), रखरखाव की कमी और स्ट्रक्चरल ऑडिट न होना इन हादसों की मुख्य वजह है। अब दिल्ली सरकार और एमसीडी मिलकर पुरानी इमारतों के लिए अनिवार्य सेफ्टी सर्टिफिकेट और समय-समय पर ऑडिट कराने की योजना बना रहे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment