डीयूएसयू चुनाव: अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास आगे, जानिए ताजा रुझान

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) चुनाव की मतगणना जारी है। पांचवें दौर की गिनती के बाद एबीवीपी के यश डबास अध्यक्ष पद पर आगे चल रहे हैं।डीयूएसयू चुनाव में एबीवीपी और एनएसयूआई के बीच मुख्य मुकाबला है।
अध्यक्ष और सचिव पद पर एबीवीपी आगे
पांचवें दौर की मतगणना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के उम्मीदवार अध्यक्ष और सचिव पदों पर आगे चल रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी के यश डबास 8835 वोटों के साथ आगे हैं। उनके बाद एनएसयूआई के उम्मीदवार विजय मीना 8216 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं और वामपंथी गठबंधन की उम्मीदवार अन्या रतुरी तीसरे स्थान पर हैं। सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छावड़ी 7584 वोटों के साथ आगे हैं।
उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पदों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे
उपाध्यक्ष पद के शुरुआती रुझान में निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन 11347 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं। एबीवीपी के इशू मौर्य को 5739 वोट मिले हैं जबकि अन्य उम्मीदवार पीछे हैं। संयुक्त सचिव पद पर समाजवादी पार्टी से जुड़े निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव 6165 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं।
मतगणना और मतदान से जुड़ी अन्य जानकारी
दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती हो रही है। इस चुनाव में विभिन्न छात्र संगठनों के कुल 20 उम्मीदवार मैदान में थे। डीयूएसयू चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को दो चरणों में संपन्न हुआ था जिसमें पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।