दिवाली की भीड़ और GRAP-2 का असर: DTC ने सड़क पर उतारीं अपनी सभी 6,858 बसें
दिवाली की भीड़ और GRAP-2 के चलते दिल्ली में यात्रियों की संख्या बढ़ी, DTC ने अपनी पूरी बस फ्लीट सड़क पर उतारी है।

राजधानी दिल्ली में इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) ने एक बड़ा कदम उठाया है। यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए DTC ने अपनी पूरी फ्लीट, यानी सभी 6,858 बसों को सड़कों पर उतार दिया है। आमतौर पर कार्यदिवसों में केवल 90% से 95% बसें ही चलती थीं, लेकिन अब यात्रियों की सुविधा के लिए सभी 1,750 CNG और 5,088 इलेक्ट्रिक बसों को एक्टिव सर्विस में लगा दिया गया है।
शहर में सार्वजनिक परिवहन पर दबाव बढ़ने की मुख्य वजह GRAP-2 (Graded Response Action Plan) का लागू होना है। नियमों के मुताबिक, BS-4 और उससे पुराने वाहनों का NCR से दिल्ली में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है, जिससे बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों के बजाय बसों और मेट्रो का रुख कर रहे हैं। इसके अलावा, दिवाली का त्यौहार नजदीक होने के कारण बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ गई है। हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों से आने वाले व्यापारियों और खरीदारों की वजह से सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी काफी बढ़ गया है।
मेट्रो ने भी बढ़ाईं अपनी सेवाएं
बसों के साथ-साथ दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भी इस स्थिति को संभालने के लिए अपनी तैयारी तेज कर दी है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेट्रो ने अपनी सेवाओं में बदलाव किया है और प्रतिदिन 20 अतिरिक्त फेरे शुरू किए हैं। इस तरह कुल 40 अतिरिक्त ट्रेन ऑपरेशंस के जरिए यात्रियों को राहत देने की कोशिश की जा रही है, ताकि त्योहारों के सीजन में सफर आसान हो सके।