IGI एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन और लेजर बीम पर पाबंदी, दिल्ली पुलिस ने जारी किए आदेश
सुरक्षा कारणों और आतंकी खतरों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने IGI एयरपोर्ट के पास 60 दिनों के लिए ड्रोन और लेजर बीम के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।

सुरक्षा कारणों और संभावित आतंकी खतरों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में ड्रोन और लेजर बीम के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है। IGI एयरपोर्ट ड्रोन प्रतिबंध के तहत यह आदेश 18 नवंबर से 16 जनवरी तक, यानी कुल 60 दिनों के लिए लागू रहेगा। पुलिस का मानना है कि विमानन सुरक्षा और यात्रियों की जान बचाने के लिए यह कदम उठाना बेहद जरूरी था।
पलम (IGI एयरपोर्ट) सब-डिवीजन के असिस्टेंट कमिश्नर प्रदीप कुमार मीणा द्वारा जारी दो अलग-अलग आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि इस दौरान अनमैन्ड एयरक्राफ्ट सिस्टम (UAS) जैसे ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और एयरो-मॉडल का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस को ऐसी विश्वसनीय जानकारियां मिली थीं कि आतंकी इन उपकरणों का इस्तेमाल कर हमले की साजिश रच सकते हैं। ऐसे में आम जनता द्वारा इनका उपयोग न केवल विमानन सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है।
पायलटों की सुरक्षा के लिए लेजर बीम पर भी रोक
ड्रोन के साथ-साथ पुलिस ने लेजर बीम के इस्तेमाल पर भी सख्ती बरती है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने शिकायत की थी कि विमानों की लैंडिंग के समय पायलटों को लेजर बीम की वजह से विजन डिस्ट्रैक्शन (दृष्टि में बाधा) हो रहा है। यह स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है और विमान की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है।
पुलिस ने गौर किया कि एयरपोर्ट के आसपास कई फार्म हाउस, होटल, बैंक्वेट और रेस्टोरेंट हैं, जहां शादियों और पार्टियों के दौरान भारी मात्रा में रंग-बिरंगी लाइटों और लेजर बीम का उपयोग किया जाता है। ये लाइटें पायलटों का ध्यान भटकाती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
ये आदेश BNSS 2023 की धारा 163 और गृह मंत्रालय की 2010 की अधिसूचना के तहत जारी किए गए हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति इन निर्देशों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन आदेशों को सार्वजनिक जानकारी के लिए पुलिस कार्यालयों, तहसील, NDMC और MCD के नोटिस बोर्डों पर चस्पा कर दिया गया है।