Drifbolt ने लॉन्च किए भारत के पहले 3D प्रिंटेड जूते, सिंगल-पीस डिजाइन से बदलेंगे फुटवियर की दुनिया
दिल्ली के स्टार्टअप Drifbolt ने पेश किए भारत के पहले 3D प्रिंटेड फुटवियर, जो टिकाऊ और सिंगल-पीस डिजाइन में हैं।

जूते बनाने का तरीका पिछले 50 सालों से लगभग एक जैसा ही रहा है, लेकिन अब दिल्ली के एक स्टार्टअप ने इस परंपरा को पूरी तरह बदलने की तैयारी कर ली है। दिल्ली स्थित स्टार्टअप Drifbolt ने भारत की पहली 3D प्रिंटेड फुटवियर लाइन लॉन्च की है। यह तकनीक पारंपरिक जूतों के मुकाबले बिल्कुल अलग है, क्योंकि जहां आम तौर पर एक जूता बनाने के लिए करीब 40 अलग-अलग हिस्सों को सिलाई और गोंद (ग्लू) की मदद से जोड़ा जाता है, वहीं Drifbolt के जूते एक ही सिंगल पीस के रूप में प्रिंट किए जाते हैं।
इस नई तकनीक की सबसे बड़ी खासियत इसका सस्टेनेबल और स्मार्ट डिजाइन है। ये जूते बायो-बेस्ड लिक्विड फोटोपॉलिमर इलास्टोमर (TPU) से तैयार किए गए हैं, जिसका 53 प्रतिशत हिस्सा नवीकरणीय (renewable) स्रोतों से आता है। AI की मदद से इन जूतों का उत्पादन 'ऑन-डिमांड' किया जाता है, जिसका मतलब है कि इन्हें ऑर्डर मिलने पर ही प्रिंट किया जाता है। इससे न केवल वेयरहाउसिंग की जरूरत खत्म हो गई है, बल्कि निर्माण के दौरान होने वाली बर्बादी भी काफी कम हो गई है क्योंकि मटेरियल का इस्तेमाल सिर्फ वहीं किया जाता है जहां डिजाइन की जरूरत होती है।
आराम और मजबूती का नया संगम
डिजाइन की बात करें तो इसमें एक खास 'लैटिस-सोल' स्ट्रक्चर दिया गया है, जो 360-डिग्री एयरफ्लो सुनिश्चित करता है। इससे जूतों में हवा का बहाव बेहतर रहता है और पैरों को ठंडक मिलती है। साथ ही, क्योंकि इसमें कोई सिलाई या ग्लू वाले जोड़ नहीं हैं, इसलिए इनके फटने का डर नहीं रहता और टिकाऊपन काफी बढ़ जाता है। कंपनी का दावा है कि ये जूते सामान्य फुटवियर की तुलना में अधिक लचीले और आरामदायक हैं।
पारंपरिक फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग का अनुभव रखने वाले कार्तिक खत्री इस वेंचर के को-फाउंडर हैं। कंपनी ने अपने शुरुआती कलेक्शन में तीन अलग-अलग मॉडल पेश किए हैं:
- Wave: यह एक लेस-अप जूता है जिसकी कीमत ₹9,990 रखी गई है।
- Breeze: यह क्लोज्ड-टो मॉडल है, जो ₹7,990 में उपलब्ध है।
- Koral: यह एक स्लाइड मॉडल है जिसकी कीमत ₹6,490 है।