बुलंदशहर में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी और बहुजन चिंतक डॉ. बी.पी. अशोक ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। बसपा प्रमुख मायावती के करीबी माने जाने वाले डॉ. अशोक ने बुधवार रात नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र गौतम की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा। उनके कांग्रेस में शामिल होने को प्रदेश की बहुजन राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बुलंदशहर जिले के मूल निवासी
डॉ. बी.पी. अशोक पुलिस सेवा के दौरान भी सामाजिक कार्यों और बहुजन विचारधारा से जुड़े रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस में उनका प्रवेश आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि
डॉ. बी.पी. अशोक को बुलंदशहर की सुरक्षित खुर्जा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया जा सकता है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। उनके कांग्रेस में आने से जिले के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की संभावनाएं जताई जा रही हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बहुजन विचारधारा के प्रमुख चेहरों में शामिल डॉ. बी.पी. अशोक का कांग्रेस में शामिल होना आगामी राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। इससे जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ा है।