DP World India Championship 2026: दिल्ली गोल्फ क्लब में सजेगा दिग्गजों का मेला, 4 मिलियन डॉलर का होगा इनाम

गोल्फ प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राजधानी के प्रतिष्ठित दिल्ली गोल्फ क्लब (DGC) में 15 से 18 अक्टूबर 2026 तक DP World India Championship 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह टूर्नामेंट न केवल रोमांचक होगा, बल्कि अपनी 4 मिलियन अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि के कारण भारत में अब तक के सबसे महंगे गोल्फ इवेंट के रूप में इतिहास रचेगा।
इस चार दिवसीय स्ट्रोक प्ले प्रतियोगिता में दुनिया भर के 132 दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह इवेंट DP World Tour और DP World Professional Golf Tour of India (PGTI) द्वारा संयुक्त रूप से मान्यता प्राप्त है। खास बात यह है कि यह 2026 DP World PGTI के सीजन फिनाले के तौर पर खेला जाएगा, जहां 'ऑर्डर ऑफ मेरिट' का विजेता 2026-27 सीजन के लिए DP World Tour के पूर्ण खेलने के अधिकार हासिल करेगा।
ग्लोबल स्टार्स और भारतीय खिलाड़ियों की टक्कर
टूर्नामेंट में दुनिया के मशहूर गोल्फर जैसे डिफेंडिंग चैंपियन टॉमी फ्लीटवुड, रोरी मैकिलरॉय, जस्टिन रोज, बब वॉट्सन और शेन लोरी जैसे सितारे अपनी चमक बिखेरेंगे, हालांकि विक्टर होवलैंड ने इस इवेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। भारत की ओर से शुभंकर शर्मा, अनिर्बन लाहिड़ी, शिव कपूर और गगनजीत भुल्लर जैसे सितारे अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों को चुनौती देंगे।
वर्तमान ऑर्डर ऑफ मेरिट में सप्तक तलवार पहले स्थान पर हैं, जिन्हें दिल्ली गोल्फ क्लब अपना 'होम कोर्स' मानते हैं और वे इस मुकाबले को लेकर काफी आश्वस्त हैं। वहीं, खलिन जोशी, जिन्होंने हाल ही में जम्मू-कश्मीर, नवा रायपुर और बेंगलुरु ओपन में जीत दर्ज की है, वे दूसरे स्थान पर हैं, जबकि वीर आहलावत तीसरे नंबर पर हैं।
इस चैंपियनशिप की कमान कपिल देव (प्रेसिडेंट, DP World PGTI) और सीईओ अमनदीप जोहल संभाल रहे हैं। हालांकि, खेल के स्तर पर चर्चा करते हुए अमनदीप जोहल ने भारतीय गोल्फरों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन पर चिंता जताई है। उन्होंने संकेत दिया कि कुछ खिलाड़ियों में वह जुनून नहीं दिख रहा है जिसकी जरूरत है और साथ ही उन्होंने इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (IGPL) के प्रभाव पर भी सवाल उठाए हैं।