घरेलू सहायिका मर्डर केस: बेटे की मौत के बाद आरोपी डॉक्टर को 3 हफ्ते की अंतरिम जमानत
बेटे की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए साकेत कोर्ट ने घरेलू सहायिका मर्डर केस के आरोपी मनीष गुप्ता को 21 दिन की अंतरिम जमानत दी।

दिल्ली की साकेत कोर्ट ने एक बेहद दुखद परिस्थिति को देखते हुए घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में आरोपी मनीष गुप्ता को 21 दिनों की अंतरिम जमानत दे दी है। कोर्ट ने यह फैसला मनीष गुप्ता के 19 वर्षीय बेटे की अचानक हुई मृत्यु और उसके अंतिम संस्कार की रस्मों को पूरा करने के आधार पर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष गुप्ता का बेटा पार्थ गुप्ता 19 नवंबर को दुनिया छोड़ गया। मनीष गुप्ता वर्तमान में घरेलू सहायिका मर्डर केस में आरोपी हैं और दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। वह 18 जून 2026 से न्यायिक हिरासत में थे और इस मामले की सुनवाई साकेत जिला अदालत में चल रही है।
पारिवारिक त्रासदी और कोर्ट का फैसला
मनीष गुप्ता की ओर से वकील कमल नयन तिवारी ने अदालत में आवेदन दाखिल कर बताया कि आरोपी अपने इकलौते बेटे की मौत से गहरे सदमे में है। वकील ने दलील दी कि एक पिता होने के नाते मनीष का यह नैतिक और भावनात्मक दायित्व है कि वह इस कठिन समय में अपने परिवार के साथ रहे और अपने बेटे का अंतिम संस्कार करे। आवेदन में बताया गया कि आरोपी की पत्नी ने फोन कर उसे बेटे के निधन की खबर दी थी, जिससे पूरा परिवार टूट चुका है।
अडिशनल सेशन जज (ASJ) अनुज अग्रवाल ने तथ्यों की जांच और वेरिफिकेशन रिपोर्ट देखने के बाद इस दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति को मानवीय आधार पर स्वीकार किया। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी को परिवार की इस आपातकालीन स्थिति और बेटे के असामयिक निधन के कारण सीमित समय के लिए अंतरिम जमानत दी जानी चाहिए।
कोर्ट ने 10,000 रुपये की जमानत राशि और एक समान राशि की surety जमा कराने की शर्त पर मनीष गुप्ता को 21 दिनों के लिए रिहा करने का आदेश दिया है।