वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन: रविवार को सुबह 3:30 बजे से चलेंगी दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें

अगर आप 18 अक्टूबर 2026 को होने वाली वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में हिस्सा ले रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने धावकों की सुविधा के लिए रविवार के दिन अपने शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। मैराथन प्रतिभागियों को समय पर गंतव्य तक पहुँचाने के लिए मेट्रो की चार प्रमुख लाइनों पर सेवाएं तय समय से पहले शुरू की जाएंगी।
DMRC के मुताबिक, रेड लाइन, येलो लाइन, ब्लू लाइन और वायलेट लाइन पर ट्रेनें सुबह 3:30 बजे से ही अपने टर्मिनल स्टेशनों से चलना शुरू कर देंगी। सुबह 3:30 से 4:15 बजे तक ट्रेनें हर 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी, जबकि 4:15 से 6:00 बजे तक यह अंतराल 20 मिनट का होगा। सुबह 6:00 बजे के बाद इन सभी लाइनों पर रविवार का नियमित समय सारणी लागू हो जाएगी। ध्यान रहे कि अन्य सभी मेट्रो लाइनों का समय पहले की तरह ही रहेगा।
इन रूट्स पर मिलेगी सुविधा और फ्री सफर का लाभ
विशेष सेवाओं का लाभ उठाने वाले रूट्स इस प्रकार रहेंगे:
- रेड लाइन: रिठाला से शहीद स्थल न्यू बस अड्डा।
- येलो लाइन: समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम।
- ब्लू लाइन: द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली।
- वायलेट लाइन: कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़)।
सबसे खास बात यह है कि इवेंट ऑर्गनाइजर्स इस सफर का खर्च उठा रहे हैं, यानी प्रतिभागियों के लिए यह यात्रा मुफ्त होगी। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए रनर्स को अपने इवेंट बिब के साथ विशेष क्यूआर कोड (QR Code) वाले रिस्टबैंड कलेक्ट करने होंगे। साथ ही, धावकों की मदद के लिए जेएलएन स्टेडियम, जोर बाग, जनपथ और जंगपुरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर वॉलंटियर्स की तैनाती की गई है, जो उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन देंगे।