प्रदूषण से जंग: दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाईं ट्रेनें, अब रोजाना चलेंगी 40 अतिरिक्त ट्रिप
दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए DMRC ने मेट्रो सेवाओं में 40 अतिरिक्त ट्रिप जोड़े हैं ताकि लोग निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करें।

दिल्ली-NCR में जहरीली होती हवा और बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर में निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने और लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की ओर प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली मेट्रो अतिरिक्त ट्रिप की सुविधा शुरू की गई है। मंगलवार, 3 नवंबर 2026 से लागू हुई इस व्यवस्था के तहत वर्किंग डेज में 20 नई ट्रिप जोड़ी गई हैं, जिससे अब कुल अतिरिक्त ट्रिप की संख्या 40 हो गई है।
यह फैसला वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा लागू किए गए 'ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान' (GRAP-II) के दूसरे चरण के बाद लिया गया है। दिल्ली की हवा की स्थिति काफी चिंताजनक हो गई है, जहां हाल ही में AQI 324 तक पहुंच गया था। प्रशासन की कोशिश है कि लोग अपनी कारों और बाइकों को छोड़कर मेट्रो का रुख करें, ताकि सड़कों पर वाहनों से निकलने वाले धुएं में कमी आए और हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
प्रदूषण रोकने के लिए प्रशासन के अन्य कड़े कदम
सिर्फ मेट्रो ही नहीं, बल्कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए अन्य एजेंसियां भी पूरी ताकत लगा रही हैं। सड़कों पर वाहनों के उत्सर्जन को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है और PUC सर्टिफिकेट की सघन जांच की जा रही है। इसके अलावा, सड़कों की धूल को दबाने के लिए मैकेनिकल क्लीनिंग, पानी का छिड़काव और एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल तेज कर दिया गया है।
निजी वाहनों के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए दिल्ली सरकार ने पार्किंग शुल्क को दोगुना कर दिया है, हालांकि राहत की बात यह है कि DMRC के पार्किंग स्थलों को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा गया है। साथ ही, निर्माण कार्यों और पुराने डीजल व पेट्रोल वाहनों के संचालन पर भी सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं ताकि पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।