"पंजाबियों को मत सिखाओ लड़ाई कैसे लड़ते हैं", दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ ने CJP पर कसा तंज
दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने CJP को जवाब देते हुए कहा- पंजाबियों को मत सिखाओ लड़ाई कैसे लड़ते हैं। पढ़ें पूरी खबर।

पॉप स्टार दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार रात दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपने फैंस को एक यादगार शाम दी। अपने सुपरहिट गानों से समां बांधने के साथ-साथ दिलजीत ने मंच से कुछ ऐसी बातें कहीं, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। दरअसल, दिलजीत ने अपने पुराने विवाद को याद करते हुए कथित तौर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) पर निशाना साधा।
यह पूरा मामला कुछ महीने पहले शुरू हुआ था, जब एक इंस्टाग्राम लाइव के दौरान दिलजीत से CJP के विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी। तब गायक ने कहा था, "भाई, मुझे विरोध प्रदर्शनों और ऐसी चीजों से दूर रखो। मैं एक कलाकार हूं, राजनेता नहीं।" उनकी इस बात पर CJP कार्यकर्ता अभिजीत डिपके ने कड़ी आपत्ति जताई थी और गायक की आलोचना की थी।
मंच से दिया करारा जवाब
दिल्ली के कॉन्सर्ट में दिलजीत ने किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनके शब्दों ने सब कुछ साफ कर दिया। उन्होंने कहा, "मैं आप सभी से प्यार करता हूं क्योंकि मैं एक कलाकार हूं, भाई। मैं चुप हूं, इसलिए मुझे चुप रहने दें। मैं आप सभी का समर्थन करता हूं, लेकिन पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़ी जाती हैं।"
दिलजीत के इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद, अभिजीत डिपके ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक नोट लिखा। उन्होंने दिलजीत के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हुए इस मामले को खत्म करने की अपील की। डिपके ने लिखा, "पाजी, जून में जब हम विरोध कर रहे थे, तब आपकी टिप्पणी से मुझे दुख हुआ था। ऐसा इसलिए नहीं कि मैं व्यक्तिगत रूप से आपके खिलाफ था, बल्कि इसलिए क्योंकि मैंने आपको हमेशा हक के लिए बोलने वाले इंसान के रूप में देखा है।"
अभिजीत ने आगे लिखा कि वह दिलजीत के संगीत और उनकी मौलिकता के प्रशंसक रहे हैं और इसी वजह से वह टिप्पणी उन्हें चुभी थी। उन्होंने गायक से अपील की कि "छोटे भाई समझकर इस बात को यहीं खत्म करें (मिट्टी डालें)।"
इस शानदार कॉन्सर्ट का समापन एक भव्य लेजर डिस्प्ले के साथ हुआ, जिसमें "मैं हूं पंजाब" और "I'm an artist" जैसे संदेश लिखे हुए थे।