दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली में किया 'AURA इंडिया टूर' का धमाकेदार आगाज, हजारों फैंस हुए दीवाने
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के AURA इंडिया टूर की शानदार शुरुआत हुई, जहां हजारों फैंस ने लुत्फ उठाया।

पॉप स्टार और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अपने 'AURA इंडिया टूर 2026' की शुरुआत दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक यादगार कॉन्सर्ट के साथ की। 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस इवेंट में करीब 70,000 से 80,000 फैंस की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने दिलजीत के सुपरहिट गानों पर जमकर डांस किया। इस शाम का सबसे बड़ा आकर्षण इंटरनेशनल आर्टिस्ट डैडी यांकी के साथ दिलजीत की स्पेशल परफॉर्मेंस रही, जिसने माहौल को और भी ज्यादा जोशीला बना दिया।
विवादों को पीछे छोड़ जीता फैंस का दिल
इस कॉन्सर्ट का सफर आसान नहीं था। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा खतरों और त्योहारी सीजन की चुनौतियों का हवाला देते हुए शुरुआत में अनुमति देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, आयोजकों ने प्रशासन के साथ कई दौर की बैठकें कीं और ट्रैफिक व भीड़ प्रबंधन का संशोधित प्लान पेश किया, जिसके बाद आखिरकार हरी झंडी मिली। शो की सफलता के बाद दिलजीत ने सोशल मीडिया पर उन लोगों को करारा जवाब दिया जो कॉन्सर्ट के रद्द होने की अटकलें लगा रहे थे। उन्होंने बेबाकी से लिखा, 'मैं अभी भी यहीं हूं बेबी, मैं कहीं नहीं जा रहा हूं।'
दिलजीत ने इस बड़े आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए दिल्ली पुलिस, CRPF और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के सहयोग की भी सार्वजनिक रूप से सराहना की।
बता दें कि दिल्ली कॉन्सर्ट उनके सात शहरों के भारत दौरे का पहला पड़ाव था। अब यह टूर आगे अन्य शहरों में जाएगा, जिसका शेड्यूल इस प्रकार है:
- इंदौर: 15 नवंबर
- अहमदाबाद: 21 नवंबर
- मुंबई: 27 नवंबर
- बेंगलुरु: 29 नवंबर
- लखनऊ: 5 दिसंबर
- चंडीगढ़: तारीख जल्द घोषित की जाएगी