दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली में मचाया धमाल, गानों के साथ दिल्ली पुलिस और CRPF को दिया खास सम्मान
दिल्ली के JLN स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ ने अपने AURA टूर की शानदार शुरुआत की और दिल्ली पुलिस व CRPF का शुक्रिया अदा किया।

पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ ने अपने 'AURA इंडिया टूर 2026' की धमाकेदार शुरुआत दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से की। शुक्रवार की शाम हजारों की भीड़ ने जब दिलजीत का स्वागत किया, तो पूरा स्टेडियम उनके शोर से गूंज उठा। दिलजीत ने अपने सुपरहिट गानों से माहौल को इतना जोशपूर्ण बना दिया कि फैंस खुद को झूमने से नहीं रोक पाए।
कॉन्सर्ट की शुरुआत 'मोरनी' गाने से हुई, जिसके बाद उन्होंने 'G.O.A.T.', 'इक्क कुड़ी', 'लल्कारा', 'नयना' और 'किन्नी किन्नी' जैसे चार्टबस्टर गानों की झड़ी लगा दी। जब उन्होंने 'सांसों की माला' गाना गाया, तो दर्शकों का उत्साह देखते ही बना। दिलजीत ने न केवल अपनी गायकी से जादू चलाया, बल्कि कुछ फैंस को स्टेज पर बुलाकर उनके साथ डांस और गाना गाकर इस शाम को और भी यादगार बना दिया।
सुरक्षाकर्मियों के लिए दिलजीत का भावुक अंदाज
संगीत और मस्ती के बीच दिलजीत ने एक बेहद भावुक पल साझा किया। उन्होंने इस बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक मैनेज करने के लिए दिल्ली पुलिस, CRPF और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया।
दिलजीत ने एक महिला पुलिस अधिकारी को स्टेज पर बुलाया और उन्हें सम्मान देते हुए कहा, "मैं आपमें अपनी मां को देख रहा हूं। जब आप वहां खड़ी थीं, तो मुझे लगा मेरी मां मेरे साथ हैं। आप सभी को मेरा बड़ा सलाम, क्योंकि आपके बिना यह सब मुमकिन नहीं था।" उनके इस व्यवहार ने वहां मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया।
शो के अंत में दिल्ली के आसमान में एक शानदार ड्रोन शो हुआ, जिसमें 'Panjabi Aa Gaye Oye!' का संदेश चमकता रहा। बुकमायशो के नमन पुगलिया ने इस इवेंट की सफलता पर कहा कि दिल्ली ने इस टूर के लिए एक बहुत ऊंचा बेंचमार्क सेट कर दिया है और स्टेडियम का हाउसफुल होना दिलजीत की लोकप्रियता को दर्शाता है।