जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले गुरुग्राम पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को लिया हिरासत में

प्रसिद्ध यूट्यूबर और एक्टिविस्ट ध्रुव राठी को शनिवार सुबह गुरुग्राम पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई तब की गई जब वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत सुबह करीब आठ बजे उन्हें पकड़ा, ताकि वे प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें।
जानकारी के मुताबिक, ध्रुव राठी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में जर्मनी से भारत आए थे। इस प्रदर्शन का नेतृत्व अभिजीत दीपके और नेहा बोरा कर रहे हैं। ध्रुव राठी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं से शनिवार को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील कर रहे थे। पुलिस प्रशासन उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था और उन्हें किसी भी कीमत पर प्रदर्शन में शामिल होने से रोकना चाहता था।
सुबह-सुबह घर पर दी दबिश
पुलिस ने शनिवार सुबह 07:48 से 08:00 बजे के बीच सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में ध्रुव राठी के घर पर दबिश दी और उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि, अब तक गुरुग्राम या दिल्ली पुलिस की ओर से इस कार्रवाई की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि ध्रुव राठी मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना तहसील के धनाना गांव के रहने वाले हैं और उनका जन्म रोहतक में हुआ था। वे सोशल, पॉलिटिकल और एनवायरनमेंटल मुद्दों पर वीडियो बनाने के लिए जाने जाते हैं और उनके यूट्यूब चैनल के लाखों सब्सक्राइबर्स हैं।