दिल्ली महिला क्रिकेट टीम का धमाका, हैदराबाद के खिलाफ बनाकर 262 रन रचा इतिहास
दिल्ली महिला क्रिकेट टीम ने हैदराबाद के खिलाफ 262 रन बनाकर घरेलू T20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है।

घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की बेटियों ने वह कर दिखाया है जिसे देखना मुश्किल था। सीनियर महिला T20 ट्रॉफी के एक मुकाबले में दिल्ली महिला क्रिकेट टीम रिकॉर्ड बनाते हुए हैदराबाद के खिलाफ 262/6 का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। पुणे के गहुंजे स्थित MCA ग्राउंड 2 पर खेले गए इस मैच में दिल्ली की टीम ने न केवल मुकाबला जीता, बल्कि घरेलू महिला T20 क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का गौरव भी हासिल किया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड गोवा के नाम था, जिसने 2019-20 सीजन में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 257/2 रन बनाए थे। दिल्ली का यह स्कोर अब महिला T20 क्रिकेट के इतिहास का 11वां सबसे बड़ा स्कोर बन गया है, और खास बात यह है कि इससे ऊपर के सभी 10 स्कोर अंतरराष्ट्रीय मैचों के हैं।
तनीषा सिंह की तूफानी बल्लेबाजी और रिकॉर्ड साझेदारी
इस ऐतिहासिक पारी के सबसे बड़े हीरो तनीषा सिंह रहीं। उन्होंने महज 47 गेंदों में 119 रनों की विध्वंसक पारी खेली, जिसमें 25 चौके और एक छक्का शामिल था। तनीषा ने सिर्फ 38 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो महिला T20 इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है। उनका साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रिया पुनिया ने बखूबी निभाया, जिन्होंने 28 गेंदों में 59 रन जोड़े। इन दोनों के बीच 66 गेंदों में 160 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने हैदराबाद की कमर तोड़ दी।
पारी के अंत में श्वेता सहरावत ने केवल 8 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 26 रन कूट दिए। इसके अलावा नजमा खान (11), दीक्षा शर्मा (15*) और कप्तान सोनी यादव (15) ने भी टीम के स्कोर में योगदान दिया। गेंदबाजी में सुमिति सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 रन देकर 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम 154/8 रन ही बना सकी और दिल्ली ने यह मैच 108 रनों के भारी अंतर से जीत लिया। हैदराबाद की ओर से जी. त्रिशा ने 80 रनों की जुझारू पारी खेली और वानका पूजा ने 32 रन देकर 4 विकेट लिए।
यह शानदार प्रदर्शन ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में WPL 2027 की नीलामी हुई है। इस नीलामी में श्वेता सहरावत और भारती रावल को मुंबई इंडियंस ने 20-20 लाख रुपये में खरीदा, जबकि नजमा खान (10 लाख) और किरण नवगिरे (75 लाख) दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनी हैं। बीसीसीआई द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट 20 नवंबर तक चलेगा।