नई दिल्ली में पुलिस ने मंगलवार को जानकारी दी कि 11 और 12 सितंबर की रात को हौज़ खास इलाके में दो युवकों ने मोटरसाइकिल चला रही एक युवती को टक्कर मार दी। इस घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि घटना के तीन-चार दिन बाद शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने घटना की पुष्टि के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की, लेकिन
उपलब्ध फुटेज में घटना नजर नहीं आई। 14 सितंबर को शिकायतकर्ता की चचेरी बहन ने पुलिस थाने में कैमरा फुटेज देखी, लेकिन वह न तो पीड़िता और न ही कथित आरोपियों की पहचान कर पाई। पुलिस अधिकारियों के संपर्क करने पर घायल शिकायतकर्ता ने बताया कि वह इलाज के लिए गुरुग्राम के एक अस्पताल जा रही थी, हालांकि अधिकारियों ने पाया कि वह आगे के इलाज के लिए अपने गृह नगर जा चुकी है।
इसके एक दिन बाद 15 सितंबर को
पुलिस को पीड़िता के वकील की तरफ से शिकायत मिली। जब पुलिस ने दोबारा संपर्क किया, तो शिकायतकर्ता ने पुष्टि की कि वह ठीक होने के बाद दिल्ली लौट आएगी। इसके बाद अधिकारियों ने बताया कि पुलिस शिकायतकर्ता के लगातार संपर्क में है और वह अपने गृह नगर में रिकवर हो रही है। दक्षिण दिल्ली के डीसीपी ने कहा कि हम मामले को देख रहे हैं और कानून की उचित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस तथ्यों की पुष्टि करने और पूरी घटना का क्रम तय करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।