शादियों के सीजन से दिल्ली की सड़कों पर लगा भारी जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली में शादियों की वजह से सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया है। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

दिल्ली में शादी का सीजन शुरू होते ही सड़कों पर ट्रैफिक का बुरा हाल हो गया है। बीते शनिवार और रविवार को शहर की मुख्य सड़कों पर भीषण जाम देखा गया, जिससे हजारों वाहन चालक घंटों तक फंसे रहे। शादियों के जुलूस, आतिशबाजी और सड़कों के किनारे की बेतरतीब पार्किंग ने इस समस्या को और ज्यादा बढ़ा दिया है।
खासकर दक्षिण दिल्ली में हालात काफी खराब रहे। रविवार को अकेले इस इलाके में करीब 22 शादियां थीं, जिसकी वजह से सड़कों पर 10 हजार से ज्यादा मेहमान और लगभग 4,500 अतिरिक्त गाड़ियां उतरीं। इसका असर एसएसएन मार्ग (भाटी माइन्स रोड), बैंड रोड, मंडी रोड, एमजी रोड, 100 फुटा रोड, अणुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, जोनापुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-महिपालपुर रोड जैसे व्यस्त रास्तों पर दिखा। इससे पहले शनिवार को भी 27 से ज्यादा शादियों के कारण करीब 5,000 अतिरिक्त वाहनों से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई थी।
ट्रैफिक पुलिस की अपील और हेल्पलाइन नंबर
बढ़ते जाम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे उन रास्तों से बचने की कोशिश करें जहां भारी भीड़ हो और सफर के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट, खासकर दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें। पुलिस अधिकारियों ने शादी में आने वाले मेहमानों से विशेष अनुरोध किया है कि वे सड़क किनारे अवैध पार्किंग न करें, क्योंकि यही जाम का सबसे बड़ा कारण बन रहा है।
ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया है। अगर किसी राहगीर को ट्रैफिक से जुड़ी मदद चाहिए, तो वह हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क कर सकता है, जबकि किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए 112 नंबर पर कॉल करने की सलाह दी गई है।