दिल्ली वोटर रजिस्ट्रेशन 2026: 2.3 लाख से ज्यादा नए आवेदन, अब इन तारीखों को लगेंगे स्पेशल कैंप

दिल्ली में वोटर लिस्ट को अपडेट करने के लिए चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), दिल्ली के मुताबिक, 31 अगस्त से 15 अक्टूबर के बीच ही 2.3 लाख से ज्यादा नए वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस पूरी कवायद का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक वोट देने से न छूटे और कोई भी अपात्र व्यक्ति लिस्ट में शामिल न रहे।
आंकड़ों पर नजर डालें तो 31 अगस्त से 15 अक्टूबर के बीच कुल 2,30,165 'फॉर्म-6' (नए रजिस्ट्रेशन के लिए) मिले हैं। इससे पहले 30 अगस्त तक 2,12,400 आवेदन आ चुके थे। इसके अलावा, पते में बदलाव या सुधार के लिए 87,173 'फॉर्म-8' प्राप्त हुए हैं, जबकि पहले से ही 2,60,768 आवेदन दर्ज थे। वहीं, नाम हटाने या आपत्ति जताने के लिए 12,568 'फॉर्म-7' भी जमा किए गए हैं।
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए इन तारीखों का रखें ध्यान
चुनाव आयोग ने उन लोगों के लिए खास इंतजाम किए हैं जो ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। दिल्ली के सभी पोलिंग स्टेशनों पर 18 अक्टूबर और 25 अक्टूबर को स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में नागरिक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं या अपनी डिटेल्स में सुधार करवा सकते हैं।
अगर आपकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष पूरी हो रही है, तो आप 'फॉर्म-6' भरकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं, एड्रेस बदलने या किसी गलती को सुधारने के लिए 'फॉर्म-8' का इस्तेमाल किया जा सकता है।
दावा और आपत्ति दर्ज कराने की यह प्रक्रिया 30 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो जाएगी। प्रशासन 30 नवंबर तक सभी आवेदनों का निपटारा कर लेगा और फाइनल वोटर लिस्ट 4 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी डिटेल्स वेरिफाई कर लें ताकि अंतिम सूची में उनका नाम सही-सही दर्ज हो सके।