दिल्ली वोटर लिस्ट की 33 लाख गड़बड़ियों में से 20 लाख ठीक, CEO ने दी जानकारी

दिल्ली की वोटर लिस्ट को पूरी तरह सटीक बनाने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने सोमवार को बताया कि मतदाता सूची में मौजूद 33 लाख ऐसी प्रविष्टियां थीं, जिनमें लॉजिकल विसंगतियां या अनमैप्ड डिटेल्स थीं। राहत की बात यह है कि प्रशासन द्वारा चलाए गए एक सक्रिय अभियान के जरिए अब तक इनमें से करीब 20 लाख मामलों को सुलझा लिया गया है।
कोई भी पात्र मतदाता नहीं छूटेगा: चुनाव आयोग
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया कि स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) 2026 के तहत यह पूरी कवायद की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र मतदाता का नाम लिस्ट में शामिल हो और कोई भी गलत प्रविष्टि न रहे। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि किसी भी योग्य मतदाता को वोटर लिस्ट से बाहर नहीं किया जाएगा।
अगर किसी व्यक्ति को अपनी मतदाता प्रविष्टि को लेकर कोई शिकायत है, तो वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 14,947 बीएलओ (BLO), 902 एईआरओ (AERO), 70 ईआरओ (ERO) और 13 डीईओ (DEO) के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी की टीम मदद के लिए उपलब्ध है।
इसी अभियान के तहत, राजधानी के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष कैंप भी लगाए गए हैं, ताकि युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाया जा सके। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला चुनाव अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ नोटिसों के निपटान और दावों व आपत्तियों की प्रगति की समीक्षा भी की है, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाया जा सके।