लड़कियों की पढ़ाई होगी आसान, दिल्ली में शुरू हुई 'विद्या वाहिनी योजना'
दिल्ली सरकार ने लड़कियों की शिक्षा को आसान बनाने के लिए विद्या वाहिनी योजना शुरू की है, जिसके तहत साइकिलें बांटी गईं।

दिल्ली की बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने के लिए सरकार ने एक खास पहल की है। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्रज सिंह ने 'विद्या वाहिनी योजना' की शुरुआत की है, जिसका मुख्य उद्देश्य लड़कियों की शिक्षा के रास्ते में आने वाली व्यावहारिक मुश्किलों को दूर करना है। इस योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें वितरित की जा रही हैं, ताकि वे बिना किसी परेशानी के समय पर स्कूल पहुंच सकें और अपनी पढ़ाई पर बेहतर ध्यान दे सकें।
यह खास आयोजन प्रहलादपुर स्थित गवर्नमेंट सर्वोदय कन्या विद्यालय में वार्षिक खेल दिवस 2026 के मौके पर हुआ। इस दौरान मंत्री रविंद्र इंद्रज सिंह ने छात्राओं को साइकिलें बांटी और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी लड़की आर्थिक या व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण अपनी पढ़ाई न छोड़े।
'शिक्षित बेटियां-सशक्त दिल्ली' का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि 'शिक्षित बेटियां-सशक्त दिल्ली' केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक प्रतिबद्धता है। उन्होंने बताया कि जब बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर होंगी, तभी दिल्ली का भविष्य मजबूत होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है।
खेल दिवस के मौके पर स्कूल की छात्राओं ने 100 मीटर दौड़ और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं में जमकर उत्साह दिखाया। मंत्री ने कहा कि सर्वांगीण विकास, शारीरिक स्वास्थ्य और अनुशासन के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। इस अवसर पर पार्षद अंजू अमन, मंडल अध्यक्ष निम्मी शर्मा, शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर वेद प्रकाश सिंह और डॉ. भगवान दास सहित स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. अंजली खत्री और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।