दिल्ली पुलिस ने मुखर्जी नगर इलाके में हिंदू कॉलेज की दो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिमन्यु और अभिनव के रूप में हुई है। यह घटना 23 सितंबर 2026 को रात करीब 9:30 बजे हुई जब पीड़ित छात्राएं विजय नगर से ओल्ड गुप्ता चौक की तरफ हकीकत पार्क के पास जा रही थीं। उत्तर पश्चिम की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार, पीड़ितों को एक सफेद टाटा सफारी कार में सवार चार लोगों ने रोक लिया था।
पुलिस ने मुखर्जी नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78, 79 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
घटना में इस्तेमाल की गई सफेद टाटा सफारी गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया है कि इस वाहन पर 44,000 रुपये के पेंडिंग ट्रैफिक चालान हैं, जिनमें से ज्यादातर ओवरस्पीडिंग के हैं और एक चालान 13 सितंबर को ही जारी हुआ था। गाड़ी चलाने वाले की पहचान दिल्ली यूनिवर्सिटी लॉ फैकल्टी के छात्र नमन के रूप में हुई है।
छात्राओं का आरोप था कि उन्हें कई पुलिस स्टेशनों के चक्कर काटने पड़े और एफआईआर दर्ज होने से पहले चार से पांच घंटे इंतजार करना पड़ा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक संदिग्ध ने पुलिस अधिकारी एसएओ शिव चौधरी का रिश्तेदार होने का दावा करते हुए छात्राओं को धमकाया था। पीड़ितों के जानकारों ने आरोपी नमन की लाइव लोकेशन पुलिस को दी थी जिससे जांच में मदद मिली। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।