दिल्ली विश्वविद्यालय लॉ सेंटर-1 चुनाव: सचिव पद के लिए यशवंत मिश्रा और अरशद आमने-सामने

दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ सेंटर-1 (एलसी-1) में छात्र संघ चुनाव का माहौल काफी गर्म हो गया है। नॉर्थ कैंपस में उमंग भवन और आसपास के इलाकों में विभिन्न पदों के उम्मीदवार छात्रों के बीच जाकर अपने एजेंडे रख रहे हैं। इस चुनाव में सचिव पद की लड़ाई काफी अहम है, जहां यशवंत मिश्रा और अरशद के बीच सीधा मुकाबला हो रहा है।
चुनाव के अन्य पदों की बात करें तो अध्यक्ष पद के लिए उमंग पाठक और तुषार कुशवाहा आमने-सामने हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए शिवम गौतम और निशांत राणा के बीच मुकाबला चल रहा है।
सचिव पद के उम्मीदवार यशवंत मिश्रा लॉ छात्रों की बुनियादी और व्यावहारिक समस्याओं पर अपना चुनाव प्रचार चला रहे हैं। इसमें समय की कमी, पढ़ाई का दबाव, इंटर्नशिप के मौके, कैंपस प्लेसमेंट, लाइब्रेरी और पीने के पानी की सुविधाएं शामिल हैं। मिश्रा का कहना है कि छात्र प्रतिनिधि का काम सिर्फ भाषण देना नहीं है, बल्कि समस्याओं को हल करने के लिए प्रशासन से लगातार बातचीत करना है।
मिश्रा के एजेंडे में प्लेसमेंट और इंटर्नशिप सेल को बेहतर बनाना शामिल है ताकि छात्रों को अदालतों और कॉर्पोरेट फर्मों तक आसानी से पहुंच मिल सके। उन्होंने एक पार्सदर्शी और असरदार करियर सेल बनाने का वादा किया है। उनके घोषणापत्र में पानी के कूलरों की जांच और आधुनिक आरओ सिस्टम लगाने की बात भी है। इसके अलावा वे तेज वाई-फाई, अच्छी कैंटीन, लाइब्रेरी का समय बढ़ाने, सुरक्षा और मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं के लिए आर्थिक मदद की मांग कर रहे हैं।
दूसरी तरफ, सचिव पद के दूसरे उम्मीदवार अरशद छात्र एकता और प्रशासनिक जवाबदेही के मुद्दों पर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। जैसे-जैसे चुनाव का अंतिम चरण आ रहा है, छात्र अपनी बुनियादी पढ़ाई और बुनियादी ढांचे की जरूरतों को ध्यान में रखकर अपने समर्थकों का चुनाव कर रहे हैं।