दिल्ली यूनिवर्सिटी में थिएटर का जलवा: इंटर-कॉलेज प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया हुनर

दिल्ली यूनिवर्सिटी थिएटर प्रतियोगिता के मंच पर जब छात्र उतरे, तो उनकी कला और अभिनय ने सबका दिल जीत लिया। दिल्ली यूनिवर्सिटी की कल्चरल काउंसिल ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज फॉर विमेन के साथ मिलकर 15 और 16 अक्टूबर को दो दिवसीय इंटर-कॉलेज थिएटर प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया। इस इवेंट में यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कॉलेजों के कुल 67 छात्रों ने हिस्सा लिया, जिनमें 25 माइम आर्टिस्ट और 42 मिमिक्री परफॉर्मर्स शामिल थे।
कार्यक्रम की शुरुआत में श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज फॉर विमेन की प्रिंसिपल प्रोफेसर नीलम गोयल ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां छात्रों की रचनात्मकता और व्यक्तिगत विकास के लिए बेहद जरूरी होती हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन डॉ. प्रेरणा मल्होत्रा और दूसरे दिन अभिषेक टंडन ने ऑब्जर्वर की भूमिका निभाई, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष रहे।
मिमिक्री और माइम में इन कॉलेजों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के नतीजे बेहद रोमांचक रहे। मिमिक्री कैटेगरी में हिंदी विभाग के निखिल भास्कर ने अपनी कला से सबको प्रभावित करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं, जीसस एंड मैरी कॉलेज की अन्या सिंह दूसरे और स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज की कशिश पांडे तीसरे स्थान पर रहीं।
माइम प्रतियोगिता में कॉलेजों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इसमें हंसराज कॉलेज ने पहला स्थान जीतकर अपनी बादशाहत कायम की, जबकि भारती कॉलेज दूसरे और भगिनी निवेदिता कॉलेज तीसरे स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर अनूप लाथर मौजूद रहे। उनके साथ गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में डॉ. राजेश सिंह और प्रोफेसर रविंदर कुमार भी शामिल हुए। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में नोडल ऑफिसर डॉ. मुनेश और फैकल्टी कोऑर्डिनेटर शिल्पा का विशेष योगदान रहा, जिनकी सराहना की गई।