दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का बड़ा ऐलान, मधु विहार के पास रोड नंबर 201 रहेगा 15 दिन बंद

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजपुरी से मधु विहार जाने वाले रास्ते पर 15 दिन के लिए रोड बंद करने की घोषणा की है। यह रास्ता डीजेबी बूस्टर पंप के पास रोड नंबर 201 पर स्थित है। आरसीसी सड़क निर्माण कार्य के कारण यह रास्ता बंद किया गया है। ट्रैफिक को सुचारू रखने और जाम से बचने के लिए पुलिस ने नए रास्ते तय किए हैं।
द्वारका मोड़ से मधु विहार जाने वाले भारी और कमर्शियल वाहनों को सेक्टर-3/13 रेड लाइट से डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं कार, ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया जैसे हल्के वाहन राजपुरी चौक से मोड़े जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग जारी किए हैं।
डाबरी जाने वाले लोग आजाद हिंद फौज मार्ग, रोड नंबर 218 और सेक्टर-6/7 रेड लाइट से होते हुए जा सकते हैं। गुरुग्राम या यूईआर-2 जाने वाले वाहन चालक आजाद हिंद फौज मार्ग से सेक्टर-7/9 रेड लाइट और रोड नंबर 224 का इस्तेमाल कर सकते हैं। व्यस्त समय में इन रास्तों पर भारी जाम मिल सकता है।
यातायात पुलिस ने लोगों को अपनी यात्रा पहले से प्लान करने की सलाह दी है। प्रभावित रास्ते से बचने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई है। किसी भी परेशानी के लिए लोग 1095 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।