दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: 100 से ज्यादा चालान वाले 1421 वाहनों पर गिरेगी गाज
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने उन 1421 वाहनों की पहचान की है जिन पर 100 से अधिक चालान लंबित हैं। अब लाइसेंस रद्द हो सकते हैं।

अगर आप दिल्ली की सड़कों पर गाड़ी चलाते हैं और अपने ट्रैफिक चालानों को नजरअंदाज कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे 1,421 वाहनों की पहचान की है, जिनके मालिक 100 से ज्यादा ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के चालान नहीं भरे हैं। इन वाहनों पर कुल मिलाकर करीब 62 करोड़ रुपये का जुर्माना बकाया है, जो साल 2015 से लंबित है।
पुलिस ने इन सभी मामलों की सूची ट्रांसपोर्ट विभाग के कमिश्नर को भेज दी है ताकि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत सख्त कार्रवाई की जा सके। ट्रांसपोर्ट विभाग ने इन वाहनों के पंजीकृत मालिकों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लाइसेंस और परमिट हो सकते हैं रद्द
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस लिस्ट में अलग-अलग तरह के वाहन शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 723 कमर्शियल वाहन हैं, जबकि 600 प्राइवेट कारें, 85 दोपहिया वाहन और 13 अन्य श्रेणी के वाहन शामिल हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक), जोन-1, विज्यांता गोयल आर्य ने बताया कि बार-बार नियम तोड़ने वाले इन वाहन मालिकों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे। इसमें कमर्शियल वाहनों के परमिट रद्द करना और बार-बार गलती करने वाले ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करना शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के नियमों का उल्लंघन न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि यह सड़क पर चलने वाले पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा करता है।
प्रशासन ने वाहन मालिकों को सलाह दी है कि वे अपने वाहन के चालान इतिहास की जांच करें और समय रहते बकाया राशि का भुगतान करें। खासकर उन वाहनों के मालिकों को आगाह किया गया है जिन्हें कई ड्राइवर चलाते हैं, ताकि वे अपने ड्राइवरों को नियमों के प्रति सचेत कर सकें और भविष्य में ऐसी गलतियों से बचा जा सके।