दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जांबाज कर्मियों को किया सम्मानित, बेहतर सेवा के लिए मिले अवॉर्ड्स
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नॉर्दर्न रेंज में बेहतरीन काम करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया। जानें किसे मिला बेस्ट ट्रैफिक कॉप का खिताब।

राजधानी की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपनी ड्यूटी के प्रति अटूट समर्पण दिखाने वाले पुलिसकर्मियों के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (नॉर्दर्न रेंज) ने एक खास सम्मान समारोह आयोजित किया। इस कार्यक्रम का मकसद उन जांबाजों की मेहनत को पहचानना था, जिन्होंने अपनी प्रोफेशनल अप्रोच और अनुशासन से विभाग का मान बढ़ाया है।
इस सम्मान समारोह में जॉइंट सीपी ट्रैफिक, संजय त्यागी (IPS) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को अवॉर्ड्स सौंपे। इस मौके पर एडिशनल सीपी ट्रैफिक जोन-I, विजयांता गोयल आर्य (IPS) भी मौजूद रहीं, जबकि पूरा आयोजन डीसीपी ट्रैफिक नॉर्दर्न रेंज, डॉ. सचिन कुमार सिंघल (IPS) की देखरेख में संपन्न हुआ।
इन पुलिसकर्मियों ने मारी बाजी
समारोह के दौरान कई अधिकारियों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए नवाजा गया। मॉडल टाउन सर्कल के इंस्पेक्टर संजीव कुमार को उनकी शानदार कार्यशैली के लिए 'टीआई ऑफ द मंथ' (TI of the Month) के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं, अमन विहार सर्कल के एएसआई कुलभूषण ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा से सबको प्रभावित किया और उन्हें 'बेस्ट ट्रैफिक कॉप ऑफ द वीक' (Best Traffic Cop of the Week) चुना गया।
इनके अलावा, विभाग में सराहनीय योगदान देने वाले दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी 'लेटर ऑफ एप्रिसिएशन' (प्रशंसा पत्र) देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के सम्मान से अन्य पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे जनता की सेवा के लिए और अधिक प्रेरित होंगे।