त्योहारी सीजन में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, एक हफ्ते में काटे 81 हजार चालान

दिल्ली में त्योहारों की रौनक के साथ-साथ सड़कों पर गाड़ियों का दबाव भी काफी बढ़ गया है। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने और नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगाम कसने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस चालान की मुहिम तेज कर दी है। पुलिस ने इस हफ्ते बेहद सख्ती दिखाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 81,000 से ज्यादा वाहन चालकों के खिलाफ चालान जारी किए हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जॉइंट कमिश्नर संजय त्यागी ने गुरुवार को बताया कि यह पूरी कवायद शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को संभालने और गंभीर उल्लंघनों को रोकने के लिए की जा रही है। त्योहारों के कारण लोग भारी संख्या में मंदिरों, पूजा पंडालों और बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है। इसी को देखते हुए पुलिस ने खासतौर पर उन हॉटस्पॉट्स की पहचान की है, जो धार्मिक स्थलों और शॉपिंग मार्केट्स के पास स्थित हैं, ताकि वहां ट्रैफिक को व्यवस्थित रखा जा सके।
रामलीला और दुर्गा पूजा के लिए विशेष इंतजाम
प्रशासन ने रामलीला और दुर्गा पूजा के उत्सवों को देखते हुए 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर, 2026 तक विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शाम 7 बजे से रात 11 बजे के बीच सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहेगा, खासकर ईस्टर्न रेंज की सड़कों पर। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे गैर-जरूरी यात्राओं से बचें, ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें।
इसी बीच, दिल्ली के उपराज्यपाल ने 14 अक्टूबर, 2026 को तोड़ापुर स्थित ट्रैफिक मुख्यालय का दौरा भी किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक पाठशाला और ट्रैफिक पंचायत जैसे विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने सड़कों को जाम मुक्त बनाने की योजनाओं, आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल और ट्रैफिक यूनिट की कार्यप्रणाली का जायजा लिया ताकि शहरवासियों को सुगम सफर मिल सके।