INDIA गठबंधन का मार्च: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, इन रास्तों से बचने की सलाह

राजधानी दिल्ली में आज मंगलवार को विपक्षी INDIA गठबंधन के सांसदों द्वारा चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकाले जाने की तैयारी है। इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि आम जनता को आवाजाही में होने वाली दिक्कतों से बचाया जा सके। सुबह 8 बजे से ही नई दिल्ली जिले के कई प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक को रेगुलेट और डायवर्ट किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस मार्च की वजह से कनॉट प्लेस, पटेल चौक, पार्लियामेंट स्ट्रीट, विंडसर प्लेस-जीपीओ, अशोका रोड और जंतर मंतर रोड जैसे व्यस्त इलाकों में बैरिकेडिंग की जाएगी। इन क्षेत्रों में भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की संभावना है, इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से इन रास्तों पर जाने से बचें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, अतिरिक्त समय लेकर चलें और जहां संभव हो मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और विरोध की वजह
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए विजय चौक और आकाशवाणी के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई लेयर में बैरिकेड्स लगाए हैं और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया है।
विपक्ष के सांसद और नेता आज सुबह निर्वाचन सदन (चुनाव आयोग मुख्यालय) की ओर मार्च करेंगे। यह पूरा विरोध 'सेव डेमोक्रेसी' अभियान का हिस्सा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। साथ ही, वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे हैं और मतदाता सूचियों में विसंगतियों को लेकर पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। इस मार्च के जरिए विपक्षी दल चुनाव आयोग के सामने अपनी गंभीर चिंताएं रखेंगे।