अरुण जेटली स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान मैच के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 13 सितंबर 2026 को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले भारत-अफगानिस्तान टी20 क्रिकेट मैच के मद्देनजर एक जरूरी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। स्टेडियम के आसपास के इलाकों में दोपहर 2:00 बजे से ट्रैफिक पाबंदियां, डायवर्जन और पार्किंग नियम लागू किए जाएंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, स्टेडियम के आसपास गैर-जरूरी आवाजाही से बचें, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक कर्मचारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश, पार्किंग और ऐप-आधारित टैक्सी के लिए तय किए गए स्थानों का ही उपयोग करना अनिवार्य किया गया है। ड्राइवरों से अपील की गई है कि वे संयम रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें। जाम से बचने के लिए चालकों को डायवर्जन साइनबोर्ड पर ध्यान देने को कहा गया है।
रियल-टाइम अपडेट और मदद के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in या उनके आधिकारिक सोशल मीडिया चैनल जैसे फेसबुक (facebook.com/dtptraffic), एक्स (x.com/dtptraffic) और इंस्टाग्राम (instagram.com/dtptraffic) पर देख सकते हैं। इसके अलावा, व्हाट्सएप नंबर 8750871493 या हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर भी संपर्क किया जा सकता है।