दुर्गा विसर्जन को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी, इन रास्तों पर लग सकता है जाम

दिल्ली में आज 21 अक्टूबर को दुर्गा मूर्ति विसर्जन की धूम रहेगी। 'सिंदूर खेला' की पारंपरिक रस्मों के बाद श्रद्धालु अपनी मूर्तियों को विसर्जन स्थलों तक ले जाएंगे, जिससे शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है और लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
दक्षिण दिल्ली में चितरंजन पार्क से आस्था कुंज पार्क (ईस्ट ऑफ कैलाश) और संत नगर की ओर जाने वाले जुलूसों के कारण सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक बाहरी रिंग रोड, लाल लाजपत राय रोड और आस्था कुंज रोड पर काफी भीड़ और देरी हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के इलाकों में भी यातायात प्रभावित रहने की उम्मीद है।
इन इलाकों में रहेगा ट्रैफिक का दबाव
ट्रांस-यमुना इलाकों में विसर्जन के लिए बनाए गए 11 कृत्रिम तालाबों के पास भारी भीड़ जुटने की आशंका है। विशेष रूप से इन जगहों पर ट्रैफिक जाम लग सकता है:
- शास्त्री पार्क स्थित डीडीए ग्राउंड
- यमुना विहार का एमटीएनएल ग्राउंड
- दिलशाद गार्डन का डियर पार्क
- ताहिरपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
इन वजहों से वजीराबाद रोड, भजनपुरा चौक और जीटी रोड कॉरिडोर पर वाहनों की लंबी कतारें दिख सकती हैं। वहीं, शिव विहार स्थित नगर निगम ग्राउंड में विसर्जन की गतिविधियों के कारण करावल नगर रोड पर भी असर पड़ेगा।
सेंट्रल रेंज ट्रैफिक डीसीपी के. रमेश ने बताया कि दशहरा, रामलीला और विसर्जन जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को मैनेज करने के लिए पिछले दस दिनों से विशेष इंतजाम किए गए हैं। जॉइंट सीपी सुमन गोयल ने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट पर है ताकि यातायात सुचारू रहे और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ट्रैफिक पुलिस ने सख्त निर्देश दिए हैं कि वाहन चालक केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करें और सड़कों पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।