कांग्रेस मार्च: दिल्ली की 30 सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

अगर आप आज सोमवार, 12 अक्टूबर को दिल्ली की सड़कों पर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो थोड़ा संभलकर। कांग्रेस पार्टी द्वारा सुप्रीम कोर्ट की ओर निकाले जा रहे एक बड़े विरोध मार्च के कारण शहर के कई हिस्सों में भारी ट्रैफिक जाम की संभावना है। इस स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि आम जनता को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके।
कांग्रेस यह प्रदर्शन स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया में गड़बड़ियों के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कर रही है। इस मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुबह 6:00 बजे से ही सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के कड़े इंतजाम शुरू कर दिए हैं।
इन रास्तों पर रहेगा असर, बदल गया ट्रैफिक रूट
पुलिस ने नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के करीब 25 से 30 प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मौके की स्थिति को देखते हुए नियमों में बदलाव किए जा सकते हैं। जिन मुख्य इलाकों में असर पड़ेगा, उनमें शामिल हैं:
- शंकर रोड राउंडअबाउट और वंदे मातरम 'T' पॉइंट
- धौला कुआं फ्लाईओवर और झंडेवालान राउंडअबाउट
- पंचकुइयां और मंडी हाउस राउंडअबाउट
- मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और गुरु नानक चौक
- कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल और चेलम्सफोर्ड रोड T-पॉइंट
- लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद और मदरसा T-पॉइंट
- सम्राट होटल राउंडअबाउट और सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग
- भिकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर के आसपास का इलाका
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आज केवल बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें। खास तौर पर जो लोग रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों (ISBT) या एयरपोर्ट जा रहे हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे समय से काफी पहले घर से निकलें ताकि सड़क बंद होने या जाम के कारण उन्हें देरी न हो।