CP में CJP रैली: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, रूट बदलेंगे

अगर आप शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली के दिल कहे जाने वाले कॉनॉट प्लेस (CP) की तरफ जाने की योजना बना रहे हैं, तो थोड़ा सावधान हो जाइए। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आयोजित 'लेहरा दो तिरंगा' मार्च के कारण इलाके में भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि लोग असुविधा से बच सकें।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत डिपके के नेतृत्व में यह रैली दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगी। पुलिस का अनुमान है कि सेंट्रल पार्क और उसके आसपास के इलाकों में भीड़ बढ़ेगी, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने करीब 21 प्रमुख चौराहों, राउंडअबाउट और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन या अस्थायी सड़क बंदी लागू करने का संकेत दिया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और पाबंदियां
इस आयोजन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने 6,000 से 7,000 जवानों की तैनाती की है और पूरे इलाके में अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए न्यू दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क को आम जनता के लिए बंद रखने का फैसला किया है। पार्क के सभी पांचों गेटों को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इस विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए एक स्ट्रीट वेंडर अनिल कुमार गुप्ता ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने पुलिस के इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे लुटियंस दिल्ली और कॉनॉट प्लेस की तरफ अनावश्यक यात्रा करने से बचें। सफर के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और ताजा अपडेट के लिए ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स को फॉलो करें।