CJP प्रोटेस्ट: दिल्ली में 30 पॉइंट्स पर ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

अगर आप कल यानी 10 अक्टूबर को दिल्ली के सेंट्रल इलाके या प्रमुख रास्तों से गुजरने वाले हैं, तो थोड़ा सावधान हो जाइए। जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा किए जाने वाले प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक महत्वपूर्ण दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शहर के करीब 30 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है, जिससे आपकी यात्रा प्रभावित हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह 6 बजे से स्थिति के अनुसार ट्रैफिक रूट बदले जा सकते हैं। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और अतिरिक्त समय लेकर चलें। खासकर उन लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है जो रेलवे स्टेशनों, इंटर-स्टेट बस टर्मिनलों (ISBT) और एयरपोर्ट जाने के लिए नई दिल्ली या सेंट्रल दिल्ली के रास्तों का इस्तेमाल करने वाले हैं।
इन रास्तों पर लग सकता है जाम, बदल सकते हैं रूट
ट्रैफिक पुलिस ने उन प्रमुख इलाकों की सूची दी है जहां आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इनमें शामिल हैं:
- जंतर मंतर रोड, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस और मिंटो रोड-दीन दयाल उपाध्याय मार्ग।
- धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालन, पंचकुइयां और शंकर रोड-वंदे मातरम 'T' पॉइंट।
- लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, सम्राट होटल राउंडअबाउट और सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग।
- भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग फ्लाईओवर, विंडसर पैलेस राउंडअबाउट, रेल भवन राउंडअबाउट, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक मैनेजमेंट की ये व्यवस्थाएं 'डायनेमिक' होंगी, यानी मौके की स्थिति को देखते हुए नियमों में ढील दी जा सकती है या उन्हें और सख्त किया जा सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखें। किसी भी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है।
बता दें कि यह पूरा मामला कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा चुनावी रोल में गड़बड़ियों के आरोप को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन से जुड़ा है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है और चुनावी रोल के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का विरोध किया है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।