छठ पूजा पर दिल्ली में ट्रैफिक रूट बदलेंगे, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी; देखें रूट और पार्किंग लिस्ट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने छठ पूजा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जानें किन रास्तों पर प्रतिबंध है और पार्किंग के लिए कौन से विकल्प हैं।

राजधानी दिल्ली में छठ पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। 15 और 16 नवंबर को होने वाले मुख्य अनुष्ठानों के मद्देनजर उत्तर-पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक रूट बदले गए हैं। पुलिस का मानना है कि यमुना घाटों और विभिन्न तालाबों पर पूजा के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे, जिससे सड़कों पर दबाव बढ़ेगा। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी कर लोगों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है।
इन रास्तों से बचें और अपनाएं ये वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कुछ खास हिस्सों में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। यात्रियों को शास्त्री पार्क से खजूरी चौक तक के पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स और शांति वन से श्मशान घाट तक के रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।
अगर आप उत्तर दिल्ली, मध्य दिल्ली या पूर्वी दिल्ली की ओर जा रहे हैं, तो आप दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार जाने वाले लोग खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड, सबहापुर गांव और सोनिया विहार चौहान पट्टी वाले रास्ते को चुन सकते हैं। इसके अलावा, रोड नंबर 66 भी एक विकल्प है।
पार्किंग के लिए तय किए गए खास स्थान
भीड़भाड़ और जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग के लिए कई जगह चिह्नित की हैं, ताकि सड़क पर गाड़ियां खड़ी न हों:
- डीएनडी के पास यमुना खादर और डीडीए ग्राउंड।
- वेस्ट विनोद नगर (आईपी एक्सटेंशन) का खुला मैदान।
- खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास और नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग।
- पुराने आयरन ब्रिज के पास गौशाला के पास का मैदान।
- नंद नगरी के बी1 और बी2 ब्लॉक में छठ पार्क।
- मंडोली टीला छठ घाट, पुस्ता रोड एनएचएआई पार्किंग और साई भवन के पास एमसीडी पार्किंग।
पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि सड़कों के किनारे या प्रतिबंधित जगहों पर पार्किंग न करें, क्योंकि इससे इमरजेंसी सेवाओं और अन्य वाहनों के लिए रास्ता बाधित हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने मोटर चालकों से धैर्य बनाए रखने और तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
बता दें कि छठ पूजा का महापर्व सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का पर्व है, जिसमें पवित्र स्नान (नहाय-खाय) और कठिन उपवास के बाद डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।