दिवाली की भीड़ और व्यापार का हवाला, दिल्ली के व्यापारियों ने राहुल गांधी से रैली टालने की अपील की
सदर बाजार के व्यापारियों ने राहुल गांधी से 1 नवंबर की रैली को दिवाली के बाद करने का आग्रह किया है ताकि व्यापार प्रभावित न हो।

दिल्ली के सबसे बड़े थोक बाजारों में से एक सदर बाजार के व्यापारियों ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से एक खास अपील की है। फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड एसोसिएशन ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर मांग की है कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित INDIA गठबंधन की रैली को दिवाली के बाद यानी 10 नवंबर के बाद के लिए टाल दिया जाए। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों का सीजन चल रहा है और इस समय किसी भी बड़े आयोजन से उनके कारोबार पर बुरा असर पड़ेगा।
व्यापारियों ने अपने पत्र में इस बात पर जोर दिया है कि धनतेरस से लेकर दिवाली तक का समय दिल्ली के बाजारों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। अनुमान के मुताबिक, इस छोटे से अंतराल में करीब 25,000 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। हजारों छोटे दुकानदारों, दुकान सहायकों और डिलीवरी कर्मियों की साल भर की कमाई इसी समय पर टिकी होती है। ऐसे में अगर रैली के कारण ट्रैफिक डायवर्जन और सड़कें बंद होती हैं, तो ग्राहकों का आना-जाना मुश्किल हो जाएगा, जिससे भारी वित्तीय नुकसान हो सकता है।
पिछले महीनों में पहले ही झेल चुके हैं नुकसान
एसोसिएशन ने अपनी चिंता जताते हुए कहा कि सितंबर और अक्टूबर के दौरान भी बार-बार होने वाले विरोध प्रदर्शनों और रैलियों की वजह से ट्रैफिक प्रतिबंध रहे, जिससे व्यापार पहले ही काफी प्रभावित हो चुका है। सदर बाजार, चांदनी चौक, खारी बावली और चावड़ी बाजार जैसे घने इलाकों में भीड़ बढ़ने से सामान की आवाजाही रुक जाती है। व्यापारियों का तर्क है कि राजनीतिक कार्यक्रमों को जनहित में बदला जा सकता है, लेकिन दिवाली का व्यापारिक अवसर छोटे व्यापारियों के लिए जीवन-मरण का सवाल होता है।
इस मांग को लेकर फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव, महासचिव कमल कुमार और कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल ने हस्ताक्षर किए हैं। केवल राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि व्यापारियों और किराना कमेटी दिल्ली ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और ममता बनर्जी को भी पत्र लिखकर इस विरोध प्रदर्शन को स्थगित करने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि INDIA गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ 1 नवंबर को रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली की योजना बनाई है।