दिल्ली स्टेट पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में वीके दुबे सम्मानित, 150 दिव्यांग तैराकों ने दिखाया दम

नई दिल्ली के टॉकतोरा स्टेडियम स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल कॉम्प्लेक्स में रविवार को जोश और जज्बे का नजारा देखने को मिला। अवसर था चौथी दिल्ली स्टेट पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 का, जहाँ 150 से अधिक दिव्यांग तैराकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस खास मौके पर ANIDEL VKDL ग्रुप के चेयरमैन और सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट वी.के. दुबे को सम्मानित किया गया।
यह सम्मान वी.के. दुबे के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि इस दिन उनका जन्मदिन भी था। सम्मान मिलने के बाद उन्होंने दिव्यांगजनों की सेवा और उन्हें सशक्त बनाने के अपने संकल्प को और मजबूत करने की बात कही।
मंत्री आशीष सूद ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर दिल्ली के गृह, शिक्षा और शहरी विकास मंत्री श्री आशीष सूद शामिल हुए। उन्होंने पैरा-एथलीटों के अनुशासन और उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति की जमकर तारीफ की। मंत्री सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार एक ऐसा खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें हर किसी को समान अवसर मिलें।
इस गरिमामय आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में पुलिस स्पेशल कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव और डीसीपी (उत्तर दिल्ली) निहारिका भट्ट भी मौजूद रहीं। डीपीएसए (DPSA) की अध्यक्ष पारुल सिंह ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का मकसद दिव्यांग खिलाड़ियों को एक प्रतिस्पर्धी मंच देना है ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार कर सकें।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिनमें सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब की शिलपा सलूजा सबसे आगे रहीं। उन्होंने 50 मीटर फ्रीस्टाइल S6 कैटेगरी सहित कुल तीन स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बादशाहत साबित की।