दिल्ली: सब्जी मंडी इलाके में बुजुर्ग पर चाकू से हमला, पिस्टल दिखाकर भागा आरोपी
दिल्ली के बर्फखाना चौक पर एक 62 वर्षीय व्यक्ति पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से वार किया और पिस्टल दिखाकर फरार हो गया।

देश की राजधानी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में मंगलवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ बर्फखाना चौक पर एक 62 वर्षीय बुजुर्ग पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घायल व्यक्ति की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है, जो मलका गंज के रहने वाले हैं। घटना उस समय हुई जब प्रदीप अपने दोस्त संजय की दुकान पर बीज खरीदने गए थे। तभी अचानक एक अनजान व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रदीप पर हमला कर दिया। हमलावर ने चाकू से उनके पेट और हाथ पर गहरे वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
पिस्तौल दिखाकर फरार हुआ हमलावर
हैरानी की बात यह है कि चाकू से हमला करने के बाद आरोपी ने वहां मौजूद लोगों को डराने के लिए पिस्टल निकाली और मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायल प्रदीप को आनन-फानन में बारा हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। दिल्ली पुलिस ने दुकान मालिक संजय के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और हमलावर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।