Delhi Shahdara News: पत्नी से विवाद के बाद 30 साल के नसीम खान ने नाले में कूदकर दी जान

दिल्ली के शाहदरा जिले के कांति नगर इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। 30 साल के नसीम खान ने पत्नी के साथ चल रहे विवाद के बाद एक नाले में छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, नसीम कांति नगर के कृष्ण नगर स्थित सरताज मोहल्ला की गली नंबर 6 में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पिता ताज मोहम्मद (जिन्हें जलील अहमद भी कहा जाता है), मां जुबेदा खातून, पत्नी अमरीन और तीन बच्चे शामिल हैं। नसीम गांधी नगर की एक जींस फैक्ट्री में काम करते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नसीम अपनी पत्नी अमरीन से अलगाव के कारण काफी तनाव में थे, क्योंकि अमरीन बच्चों के साथ अलग रहने लगी थीं।
सोमवार को मां से बात करते हुए नसीम अचानक उत्तेजित हो गए। उन्होंने अपनी जान देने की बात कही और घर से बाहर भाग गए। उन्हें रोकने के लिए उनकी मां भी उनके पीछे दौड़ीं, लेकिन इससे पहले कि मां कुछ कर पातीं, नसीम कांति नगर के एक बड़े नाले के पास पहुंचे और उसमें कूद गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर गोताखोरों को भेजा गया।
कड़ी मशक्कत के बाद नसीम को अचेत अवस्था में नाले से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें डॉ. हेडवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (DCP) आरपी मीना ने मामले की पुष्टि की है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस रिश्तेदारों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।