दिल्ली: इस बार रावण के साथ जलेगा 30 फीट का कॉकरोच, गंदगी के खिलाफ अनोखा अभियान

देश की राजधानी दिल्ली में इस साल दशहरा उत्सव कुछ अलग अंदाज में नजर आएगा। श्री केशव रामलीला कमेटी ने एक अनोखा फैसला लिया है, जिसके तहत रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों के साथ एक 30 फीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले को भी जलाया जाएगा। इस कॉकरोच के पुतले को 'गंदगी और अस्वच्छता' के प्रतीक के रूप में पेश किया जा रहा है।
कमेटी के अध्यक्ष और मॉडल टाउन के विधायक अशोक गोयल देवराहा ने बताया कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हजारों सालों से रावण के पुतले जलाकर सत्य की जीत का जश्न मनाया जाता है, उसी तरह समाज से बुराइयों को खत्म करना जरूरी है। इस बार कमेटी ने गंदगी को एक बड़ी बुराई माना है, जिसे खत्म करने के लिए कॉकरोच का पुतला जलाने का निर्णय लिया गया है।
गंदगी मुक्त समाज का संदेश
अशोक गोयल देवराहा के मुताबिक, यह पुतला केवल एक दिखावा नहीं बल्कि एक संदेश है। उनका उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि हमें अपने घरों, अपने आस-पड़ोस और पूरे समाज से गंदगी को पूरी तरह खत्म करना चाहिए। उन्होंने बताया कि कमेटी पहले भी देश की समस्याओं, जैसे नक्सलवाद और आतंकवाद के प्रतीक पुतले जला चुकी है। इस बार पीतमपुरा स्थित कमेटी के मैदान (NSP) में यह 30 फीट ऊंचा कॉकरोच का पुतला जलाया जाएगा, जो देखने में काफी आकर्षक और चौंकाने वाला होगा।
दिलचस्प बात यह है कि यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राजधानी में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। यह पार्टी पहले पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन कर चुकी है और अब चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसी बीच, पार्टी के कार्यकर्ता अभिजीत डिपके ने शुक्रवार को 'लहरा दो तिरंगा' रैली का प्रस्ताव दिया है, जिसे देखते हुए कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क के आसपास सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।