दिल्ली में रातभर हुई झमाझम बारिश, AQI गिरा और मौसम हुआ सुहाना, अब सर्दियों की बारी
दिल्ली में हुई मूसलाधार बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और AQI में सुधार हुआ है। जानें मौसम विभाग की आगे की चेतावनी।

देश की राजधानी दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ली है। रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने न केवल शहर की सड़कों को तरबतर कर दिया, बल्कि हवा में एक ऐसी ठंडक घोल दी है जिसने सर्दियों के आने का संकेत दे दिया है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और जामिया मिलिया इस्लामिया जैसे इलाकों से आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे घने काले बादलों ने रात के सन्नाटे में शहर को बारिश से सराबोर कर दिया।
इस बारिश का सबसे बड़ा फायदा दिल्ली की हवा को मिला है। पिछले कुछ दिनों से शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 के पार यानी 'खराब' श्रेणी में बना हुआ था, लेकिन शुक्रवार सुबह 4 बजे तक यह गिरकर 133 (मध्यम) पर आ गया। इससे दिल्लीवासियों को जहरीली हवा से थोड़ी राहत मिली है और तापमान में आई गिरावट ने ठंड की आहट तेज कर दी है।
अगले 48 घंटे और मौसम का हाल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली और एनसीआर के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यह असर केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में रात के समय भारी बारिश भी हो सकती है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि 31 अक्टूबर तक आसमान आंशिक रूप से बादल वाला रहेगा और 1 व 2 नवंबर तक मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। इसके बाद क्षेत्र में स्थिर मौसम और साफ आसमान की उम्मीद है।
वहीं, देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा भी जताया गया है। दक्षिण भारत में भी नवंबर की शुरुआत से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।