दिवाली-छठ पर दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के कड़े इंतजाम, प्लेटफॉर्म टिकट बंद
दिवाली और छठ पूजा के लिए दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के कड़े नियम लागू, प्लेटफॉर्म टिकट बंद और स्पेशल ट्रेनें शुरू।

दिवाली और छठ पूजा के मौके पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली रेलवे स्टेशन भीड़ प्रबंधन के लिए उत्तरी रेलवे ने कमर कस ली है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कई पाबंदियां लगाई गई हैं, ताकि स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति न बने।
उत्तरी रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय और प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त पंकज गंगवार ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तर्ज पर अब पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर भी 'होल्डिंग एरिया' बनाए जा रहे हैं। जहां स्थायी ढांचे नहीं हैं, वहां अस्थायी व्यवस्था की गई है ताकि यात्री व्यवस्थित तरीके से अपनी ट्रेन में सवार हो सकें।
प्लेटफॉर्म टिकट और पार्सल बुकिंग पर लगी रोक
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। 3 नवंबर से 14 नवंबर तक नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, आनंद विहार हॉल्ट और गाजियाबाद स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा, 3 से 15 नवंबर तक नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल पर विभागीय पार्सल बुकिंग पर रोक रहेगी, जबकि 5 से 15 नवंबर तक इन स्टेशनों पर पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग को प्रतिबंधित किया गया है।
त्योहारों के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी मांग को पूरा करने के लिए कई 'फेस्टिवल स्पेशल' ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। इनमें गया और नई दिल्ली के बीच द्वि-साप्ताहिक सेवा (7 से 28 नवंबर), पटना और आनंद विहार के बीच दैनिक सेवा (5 से 21 नवंबर) और मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के बीच साप्ताहिक ट्रेनें (21 और 28 नवंबर) शामिल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की कमान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हाथों में है। दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों पर कुल 2,040 जवान तैनात किए गए हैं, जिनमें 1,300 अतिरिक्त स्टाफ शामिल है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर, बैगेज स्कैनर और 'मे आई हेल्प यू' बूथ लगाए गए हैं, साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है।