दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को होगा 'जन संवाद', अधिकारी सुनेंगे यात्रियों की समस्या

अगर आप दिल्ली के रेलवे स्टेशनों से सफर करते हैं और सुविधाओं को लेकर आपके मन में कोई शिकायत या सुझाव है, तो यह मौका आपके काम का है। भारतीय रेलवे 22 अक्टूबर को दिल्ली के बड़े स्टेशनों पर दिल्ली रेलवे जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों और रेलवे प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना और सफर को और बेहतर बनाना है।
रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम के तहत नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष सत्र लगाए जाएंगे। इन सत्रों में यात्रियों से सीधे बातचीत की जाएगी, खासकर स्टेशनों की साफ-सफाई और वहां उपलब्ध सुविधाओं के प्रबंधन को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारी करेंगे शिकायतों का निपटारा
इस खास अभियान को प्रभावी बनाने के लिए रेलवे के बड़े अधिकारी खुद जमीन पर उतरेंगे। डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM), एडिशनल डिविजनल रेलवे मैनेजर (ADRM) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इन स्टेशनों पर मौजूद रहेंगे। खास तौर पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर DRM पुष्पेश रमण त्रिपाठी खुद मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और यात्रियों की समस्याओं को सुनेंगे।
रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि इस जन संवाद के दौरान मिलने वाली हर शिकायत और सुझाव को लिखित रूप में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रेलवे बोर्ड को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर भविष्य में सुविधाओं को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि यह केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि 'पैन इंडिया रेल जन संवाद' के तहत देशभर के विभिन्न रेलवे डिवीजनों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पूरे देश में यात्री सेवाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाया जा सके।