दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, 8,976 करोड़ से बदल जाएगी सूरत
अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत दिल्ली के 13 स्टेशनों के लिए 8,976 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। जानें क्या बदलेगा।

दिल्ली में सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। शहर के रेलवे बुनियादी ढांचे को पूरी तरह बदलने की तैयारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि दिल्ली में लगभग 8,976 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। इस बड़े बदलाव का मकसद यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देना और स्टेशनों की भीड़भाड़ को कम करना है। केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली के रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 2,711 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने आभार जताया है।
अमृत भारत स्कीम: इन स्टेशनों पर दिखेंगे बड़े बदलाव
अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत दिल्ली के 13 प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर शामिल हैं। इन स्टेशनों पर अब यात्रियों को आधुनिक स्टेशन बिल्डिंग, बेहतर वेटिंग एरिया, नई सीटें, साफ-सुथरे टॉयलेट और पीने के पानी की उन्नत सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, प्लेटफॉर्म शेड, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर लगाकर आवाजाही को आसान बनाया जा रहा है।
सुविधाओं की बात करें तो पार्किंग व्यवस्था को सुधारा जा रहा है और दिव्यांगजनों के लिए विशेष एक्सेसिबिलिटी सुनिश्चित की जा रही है। पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम को अपडेट किया जाएगा ताकि यात्रियों को सटीक जानकारी मिल सके।
काम की रफ्तार पर नजर डालें तो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ होल्डिंग एरिया का काम पूरा हो चुका है और डबल बेसमेंट व एलिवेटेड रोड की नींव रखी जा रही है। हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर सराय काले खां की तरफ दूसरा प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है, जहां नई सीढ़ियां, लिफ्ट और टिकट ऑफिस होंगे। दिल्ली कैंट को नई बिल्डिंग और कॉन्कोर्स मिल रहे हैं, जबकि सफदरजंग स्टेशन पर टेलीकम्युनिकेशन और बिल्डिंग का काम पूरा हो चुका है। बिजवासन में स्ट्रक्चरल काम खत्म हो गया है और अब प्लेटफॉर्म शेड व सबवे पर काम जारी है।
कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी शुरू की गई है, जो वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे शहरों को जोड़ेगी। यह ट्रेन कवच सुरक्षा प्रणाली और ऑटोमैटिक दरवाजों जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है।