दिल्ली रेलवे के लिए रिकॉर्ड 2,711 करोड़ का आवंटन, सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी का जताया आभार
दिल्ली के रेलवे नेटवर्क के लिए 2026-27 में रिकॉर्ड 2,711 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। जानें किन स्टेशनों का होगा कायाकल्प।

राजधानी दिल्ली के रेल बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली को रिकॉर्ड 2,711 करोड़ रुपये का रेलवे आवंटन मिला है। इस बड़ी राशि के आवंटन पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद ज्ञापित किया है। सीएम ने कहा कि इस सहयोग से दिल्ली का रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और करोड़ों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर 'विकसित भारत' के विजन के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में शुरू हुई नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का जिक्र करते हुए बताया कि यह सेवा पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा देगी। यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए वाराणसी को जोड़ेगी, जिसमें कवच सुरक्षा प्रणाली और ऑटोमैटिक डोर जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
13 स्टेशनों का होगा कायाकल्प, 8,976 करोड़ के प्रोजेक्ट जारी
रेल मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली में वर्तमान में लगभग 8,976 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। इसमें ट्रैक विस्तार, स्टेशनों का पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं में सुधार शामिल है। 'अमृत भारत स्टेशन स्कीम' के तहत राजधानी के 13 प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें शामिल हैं:
- नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार टर्मिनल।
- दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा और नरेला।
- सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर।
इन स्टेशनों पर आधुनिक बिल्डिंग, बेहतर प्रवेश-निकास द्वार, वेटिंग रूम, लिफ्ट, एस्केलेटर और दिव्यांगजनों के लिए विशेष बुनियादी ढांचे तैयार किए जा रहे हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ होल्डिंग एरिया का काम पूरा हो चुका है, जबकि डबल बेसमेंट और एलिवेटेड रोड की नींव का काम शुरू हो गया है।
वहीं, हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर सराय काले खान की तरफ दूसरे एंट्री पॉइंट का काम चल रहा है, जिसमें नई सीढ़ियां और टिकट बुकिंग ऑफिस बनाए जा रहे हैं। दिल्ली कैंट स्टेशन पर भी नई बिल्डिंग और प्लेटफॉर्म सुधार का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। सफदरजंग और बिजवासन स्टेशनों पर भी बिल्डिंग और सिग्नलिंग का काम पूरा कर लिया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने विश्वास जताया कि इन प्रोजेक्ट्स से दिल्ली एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट हब के रूप में और अधिक मजबूत होगा।