दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन 1 दिसंबर से, जानें उम्र सीमा और नए नियम
दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी और KG कक्षाओं के लिए एडमिशन 1 दिसंबर से शुरू होंगे। जानें उम्र सीमा और आवेदन की पूरी प्रक्रिया।

अगर आप अपने बच्चे के लिए दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में दाखिले की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। शिक्षा निदेशालय (DoE) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए एंट्री-लेवल कक्षाओं में दिल्ली प्राइवेट स्कूल एडमिशन की प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी और आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 28 दिसंबर 2026 तय की गई है।
इस बार की प्रक्रिया में नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP) 2020 के तहत कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब फाउंडेशनल स्टेज को संशोधित किया गया है, जिसके तहत नर्सरी (बालवाटिका 1) के लिए उम्र 3 से 4 साल, लोअर KG (बालवाटिका 2) के लिए 4 से 5 साल और अपर KG (बालवाटिका 3) के लिए 5 से 6 साल निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि इस सत्र से लोअर KG और अपर KG को अलग-अलग एंट्री-लेवल कक्षाओं के रूप में पेश किया जा रहा है। वहीं, पहली कक्षा में दाखिले के लिए न्यूनतम आयु 5 वर्ष रखी गई है, जिसे सत्र 2028-29 से बढ़ाकर एक समान 6 वर्ष कर दिया जाएगा।
एडमिशन के नियम और जरूरी तारीखें
शिक्षा निदेशालय ने साफ किया है कि स्कूलों को अपने एडमिशन क्राइटेरिया और पॉइंट स्ट्रक्चर 26 नवंबर 2026 तक पोर्टल और अपनी वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई होगी; माता-पिता का पेशा, जेंडर या इंटरव्यू जैसे पुराने और प्रतिबंधित मापदंडों का इस्तेमाल पूरी तरह वर्जित है। रजिस्ट्रेशन के लिए स्कूल अधिकतम 25 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस ले सकते हैं।
सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए, 25% सीटें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), वंचित समूह (DG) और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए आरक्षित रहेंगी। अगर सीटों से ज्यादा आवेदन आते हैं, तो स्कूलों को पारदर्शी तरीके से वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ 'ड्रॉ ऑफ लॉट्स' करना होगा, जिसकी सूचना अभिभावकों को 5 दिन पहले देनी होगी।
पूरी प्रक्रिया का शेड्यूल इस प्रकार है:
- 4 जनवरी 2027: आवेदकों के विवरण और पॉइंट्स अपलोड होंगे।
- 5 से 11 जनवरी: पॉइंट्स को लेकर शिकायतों के निवारण का समय।
- 12 जनवरी 2027: फाइनल पॉइंट्स लिस्ट जारी होगी।
- 20 जनवरी 2027: पहली एडमिशन लिस्ट आएगी।
- 5 और 22 फरवरी: दूसरी और तीसरी लिस्ट जारी की जाएगी।
- 12 मार्च 2027: पूरी एडमिशन प्रक्रिया समाप्त होगी।
स्कूल प्रमुखों को यह अधिकार दिया गया है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार उम्र में अधिकतम एक महीने की छूट दे सकते हैं।