दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन 2027-28 का शेड्यूल जारी, जानें जरूरी तारीखें और नियम

दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने 2027-28 सत्र के लिए नर्सरी और KG क्लास के एडमिशन का शेड्यूल जारी किया है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

Kittu Kumari23 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन 2027-28 का शेड्यूल जारी, जानें जरूरी तारीखें और नियम

दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चों का दाखिला कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों के लिए एक बड़ी खबर है। शिक्षा निदेशालय (DoE) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए एंट्री लेवल क्लासेस यानी नर्सरी, लोअर केजी, अपर केजी और पहली कक्षा के लिए दिल्ली प्राइवेट स्कूल एडमिशन 2027-28 का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। शिक्षा निदेशक अंकिता आनंद द्वारा हस्ताक्षरित सर्कुलर के मुताबिक, आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी और 28 दिसंबर 2026 तक चलेगी।

नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत अब फाउंडेशन स्टेज को नया रूप दिया गया है, जिसमें लोअर केजी और अपर केजी को औपचारिक एंट्री लेवल क्लास माना गया है। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 23 से 26 नवंबर 2026 के बीच अपने एडमिशन क्राइटेरिया और पॉइंट्स की जानकारी शिक्षा निदेशालय के पोर्टल (edudel.nic.in) और अपनी वेबसाइट पर अपलोड करें।

एडमिशन की महत्वपूर्ण तारीखें और आयु सीमा

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए निदेशालय ने एक विस्तृत टाइमलाइन तय की है। 4 जनवरी 2027 तक स्कूलों को सभी आवेदकों की सूची और उनके पॉइंट्स डिस्प्ले करने होंगे। इसके बाद, 5 से 11 जनवरी 2027 तक अभिभावकों को अपनी आपत्तियां या सवाल दर्ज कराने का मौका मिलेगा। फाइनल पॉइंट्स 12 जनवरी को जारी किए जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों की पहली लिस्ट (वेटिंग लिस्ट के साथ) 20 जनवरी 2027 को और दूसरी लिस्ट 5 फरवरी 2027 को आएगी। पूरी प्रक्रिया 12 मार्च 2027 तक संपन्न हो जाएगी।

उम्र की पात्रता के संबंध में 31 मार्च 2027 तक की स्थिति के अनुसार नियम इस प्रकार हैं:

  • नर्सरी (बालवाटिका 1): 3 से 4 वर्ष
  • लोअर केजी (बालवाटिका 2): 4 से 5 वर्ष
  • अपर केजी (बालवाटिका 3): 5 से 6 वर्ष
  • पहली कक्षा: 5 से 6 वर्ष
विशेष परिस्थिति में स्कूल प्रमुख न्यूनतम और अधिकतम आयु सीमा में एक महीने तक की छूट दे सकते हैं।

शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि रजिस्ट्रेशन फीस अधिकतम 25 रुपये (नॉन-रिफंडेबल) होगी और प्रॉस्पेक्टस खरीदना अनिवार्य नहीं होगा। साथ ही, माता-पिता के पेशे, शिक्षा, लिंग या खान-पान जैसी भेदभावपूर्ण शर्तों के आधार पर एडमिशन नहीं दिया जाएगा। मैनेजमेंट कोटा और डोमिसाइल की शर्तों को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि 25% सीटें EWS, वंचित समूह (DG) और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए आरक्षित हैं। इन सीटों का आवंटन शिक्षा निदेशालय द्वारा कंप्यूटर आधारित लॉटरी के जरिए किया जाएगा। यदि स्कूलों में लॉटरी सिस्टम अपनाया जाता है, तो उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग करना और अभिभावकों की मौजूदगी सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।

Share:

Comments

Leave a comment