रोहिणी के सभी थानों में दिल्ली पुलिस का 'थाना दिवस', अधिकारियों ने सुनीं जनता की शिकायतें

दिल्ली पुलिस ने आम जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने और शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए एक खास पहल की है। 17 अक्टूबर 2026 को रोहिणी जिले के सभी पुलिस थानों में रोहिणी थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए एक पारदर्शी संवाद स्थापित करना था।
इस आयोजन के दौरान जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला। नॉर्थ रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस विजय सिंह और रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बुद्ध विहार पुलिस स्टेशन में पब्लिक हियरिंग की। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को दर्ज कर उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता और पुलिस के बीच संवाद पर जोर
इसी तरह, रोहिणी की एडिशनल डीसीपी-I तनुश्री ने बेगमपुर पुलिस स्टेशन में आयोजित जनसुनवाई की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को करीब से समझा और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक जन-केंद्रित बनाने पर जोर दिया।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस तरह के 'थाना दिवस' कार्यक्रमों से न केवल लंबित शिकायतों का निपटारा होगा, बल्कि आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा। इस पहल के जरिए पुलिस और समुदाय के बीच एक मजबूत संवाद सेतु बनाने की कोशिश की गई है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सके।